1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला भागलपुर जिले का है जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अपराधियों ने भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी। जानें पूरा मामला।

भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

बिहार के भागलपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बना हुआ है। 

कहां की घटना 
अपराधियों ने दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी घटना बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहल्ले की है जहां बाइक सवार अपराधियों ने पप्पू को गोली मार दी। गोली लगने के बाद उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई हत्या की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। 

सिटी एसपी ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वाशन
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। अपराधियों को पकड़ने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना में जो भी शामिल होगा उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा विधायक रोहित पांडे भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 

परिजनों ने लगाया काली पूजा समिति और प्लॉटिंग विवाद में मर्डर का आरोप
परिजनों का आरोप है कि स्थानीय काली पूजा समिति के अध्यक्ष पद को लेकर उनका पूर्व अध्यक्ष शशि मोदी के साथ विवाद चल रहा था। शशि मोदी के नौकरी में जाने के बाद पप्पू तांती को यह जिम्मेदारी मिली थी, लेकिन शशि कथित तौर पर दोबारा अध्यक्ष बनना चाहते थे और इसके लिए पप्पू तांती को धमकियां भी मिल रही थीं। मृतक के परिजनों ने शशि मोदी के भांजे कृष्णा मोदी और उसके अन्य साथियों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। 

(रिपोर्ट - अमरजीत सिंह)