A
Hindi News बिहार चिलचिलाती धूप में गरीबों के बीच बांटे कंबल, बिहार के मंत्री का वीडियो हुआ वायरल

चिलचिलाती धूप में गरीबों के बीच बांटे कंबल, बिहार के मंत्री का वीडियो हुआ वायरल

बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के मंसूरचक प्रखंड स्थित गोविंदपुर पंचायत-दो के अहियापुर गांव में पांच सौ से अधिक लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

Bihar, minister, blanket distribution- India TV Hindi Image Source : INDIA TV गर्मी में कंबल बांटते मंत्री

बेगूसराय: बेगूसराय में गरीब असहाय लोगों को ठंड में ठंड से राहत मिले ना मिले गर्मी में गर्मी से राहत देने का मुकम्मल इंतजाम बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने किया है। इनका तरीका इतना लाजवाब है कि लोग दांतों तले उंगली दबा रहे हैं। दरअसल बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने भीषण गर्मी के समय गरीब और असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण कर नया नमूना पेश कर दिया है। 

कंबल वितरण का वीडियो तेजी से वायरल

दरअसल, बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के मंसूरचक प्रखंड स्थित गोविंदपुर पंचायत-दो के अहियापुर गांव में पांच सौ से अधिक लोगों के बीच कंबल का वितरण किया है। कंबल का वितरण भाजपा की स्थापना दिवस पर किया गया है। जिसका विडियो तेजी से वायरल हो रहा है। सबसे सुखद बात है कि मंत्री जी ने अपने फेसबुक पर भी कार्यक्रम का 10 फोटो शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि अंत्योदय एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य करने वाली दुनिया के सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम हुआ। जिसमें बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुर पंचायत-दो के अहियापुर गांव में लोगों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। जय भाजपा, भारत माता की जय। 

अब सुरेन्द्र मेहता के कार्यक्रम का फोटो और वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है तथा लोग इसकी खूब चर्चा कर रहे हैं। विडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है। सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी है, जिसमें एक मंच पर सुरेन्द्र मेहता एवं भाजपा के कई स्थानीय नेता बैठे हुए हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित महिला और पुरुषों के बीच कंबल का वितरण किया गया। अब इस भीषण गर्मी में कंबल वितरण किया गया है तो लोग चटकारे लेकर इसकी खूब चर्चा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि मंत्री जी जब कंबल ही देना था तो ठंड के समय में देते। इस 35-से 40 डिग्री टेंपरेचर वाले गर्मी में कंबल का कैसे उपयोग किया जाएगा।

मंत्री की तरफ से नहीं मिला कोई रिएक्शन

वही इस संबंध में मंत्री सुरेन्द्र मेहता से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके पीए ने फोन पर कहा कि मंत्री जी पटना में कैबिनेट की बैठक में है। वहीं भाजपा के कोई भी नेता या कार्यकर्ता इस संबंध में कुछ नहीं बोल रहे हैं। वहीं इस बाबत बछवाड़ा विधान सभा से सीपीआई के पूर्व विधायक अवधेश राय ने कहा कि बिहार सरकार के खेल मंत्री अभी इस मौसम में जो कंबल बाट रहे हैं। अगर अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन के अवसर पर बांट देते तो उसे कंबल का चाहे जैसा भी हो लोग इस्तेमाल कर लेता। लेकिन हमको ताज्जुब लगता है कि इस चिलचिलाती हुई धूप में माननीय खेल मंत्री बिहार सरकार वो कंबल बांट कर के क्या करना चाहते हैं?

खेल के मैदान में बच्चा खेले उसके लिए कोई पहल उनकी नहीं है, कुछ जगह हमलोगों ने दबाव बनाया प्रशासन से तो कुछ हो रहा है। बच्चों को और तरह की सुविधा मिले उस पर कोई पहल नहीं हो रहा। लेकिन हंसी आती है कि जिस धूप में लोग कपड़ा उतार के रहना चाहते हैं उसमें कंबल बांट रहे हैं। ये तो उनकी सोच और समझदारी की बात है और पूरे सरकार की नीयत की बात है । इसलिए हम समझते हैं कि यह सिर्फ चुनावी स्टंट है। चुनाव किसी तरह से जीत जाएं, कुछ नाटक कर देना है, कुछ दिखावटी बाते को कर देना है, यह बहुत ही खराब है। इससे जनता अब भ्रमित नहीं होगी। अब जनता ने समझ लिया है कि कौन करने वाला है कौन नहीं करने वाला है, उनके कारनामों को देख लिया है। सड़क पर धूल उड़ रही है सड़क में गड्ढे बन गए हैं, उसका कोई उपाय नहीं हो रहा लेकिन चिलचिलाती धूप में कंबल बांटे जा रहे हैं।

(रिपोर्ट-संतोष श्रीवास्तव, बेगूसराय)