1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भभुआ के वार्ड 24 में मंदिर का ताला तोड़कर 10 से 15 लाख के जेवर ले उड़े बेखौफ चोर

भभुआ के वार्ड 24 में मंदिर का ताला तोड़कर 10 से 15 लाख के जेवर ले उड़े बेखौफ चोर

भभुआ के दुर्गा मंदिर में 15 लाख की भीषण चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में लोगों में काफी गुस्सा है।

भभुआ के वार्ड 24 में मंदिर का ताला तोड़कर 10 से 15 लाख के जेवर ले उड़े बेखौफ चोर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV भभुआ के वार्ड 24 में मंदिर का ताला तोड़कर 10 से 15 लाख के जेवर ले उड़े बेखौफ चोर

बिहार के कैमूर में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए शहर के वार्ड संख्या 24 स्थित दुर्गा मंदिर को अपना निशाना बनाया है। बीती देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर भगवान के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी किए गए जेवरों की अनुमानित कीमत 10 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इस घटना के बाद से स्थानीय श्रद्धालुओं और इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है।

कहां का मामला
नगर परिषद भभुआ के दक्षिणी मोहल्ला स्थित वार्ड नंबर 24 में बेखौफ चोरों ने माता दुर्गा के मंदिर को बीती रात अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना देर रात लगभग 2:30 से 3:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले आसपास के मकानों के मुख्य दरवाजों को बाहर से रस्सी से बांध दिया, ताकि कोई बाहर न आ सके। इसके बाद चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर माता दुर्गा का सोने का हार, नथिया, कान का मंटिका, बाली और मुकुट समेत करीब 5 कीमती सामान चोरी कर लिए। चोरी किए गए आभूषणों का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 10 से 15 लाख रुपये आंका जा रहा है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय पार्षद परमानंद केसरी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और नशीले पदार्थों जैसे गांजा, शराब, हेरोइन की अवैध बिक्री काफी बढ़ गई है, जिसकी वजह से ऐसी आपराधिक घटनाएं लगातार घट रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी कई बार स्थानीय प्रशासन और पुलिस को लिखित आवेदन देकर सूचित किया जा चुका है, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। पार्षद और मोहल्लेवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों एवं नशा कारोबारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।