पटना: कोचिंग सेंटर पर फायरिंग केस में फैजल खान उर्फ खान सर को सिविल कोर्ट ने बड़ी राहत दी है। फायरिंग के मामले को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। इस मामले में खान सर की तरफ से कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई थी, जिसपर मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई और कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही कोर्ट ने पुलिस से केस डायरी की भी मांग की है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि इस मामले में अगले आदेश या अगली सुनवाई तक संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कोई कठोर या दबावपूर्ण कार्रवाई ना की जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 20 जून को होगी। वहीं इसी मामले में गिरफ्तार किए गए ज्ञान बिंदु के रोशन आनंद की जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
कौन हैं ज्ञान बिंदु के रोशन आनंद
पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर खान ग्लोबल स्टडीज के बगल में ही ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीच्यूट है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के ही डायरेक्टर हैं रोशन आनंद। दो जून की रात 15-20 हमलावरों ने खान सर के कोचिंग सेंटर पर पथराव और तोड़फोड़ की, जिसमें गार्ड चुनचुन गंभीर रूप से घायल हो गया था। खान सर ने फायरिंग का आरोप पड़ोस की ज्ञान बिंदु कोचिंग पर आरोप लगाया था। पटना पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत दो गार्ड्स प्रिंस गौरव और अभिषेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
गिरफ्तार गार्ड्स को मिलेगी जमानत?
कोचिंग में हुई फायरिंग के इस मामले में गिरफ्तार दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी आज कोर्ट फैसला सुनाएगा। सोमवार को दोनों गार्डों की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी जिसके बाद कोर्ट ने अपने आदेश को सुरक्षित रख लिया था।
खान सर तक नहीं पहुंची पुलिस
पटना सिविल कोर्ट में आरोपी पक्ष ज्ञान बिंदु के वकील ने खान सर की जमानत का विरोध किया और कहा कि इरादतन गोली चलाने का आदेश दिया था। पहले कहा गया था कि खान सर कोर्ट में सरेंडर करेंगे, लेकिन खान सर के वकील ने उनकी अग्रिम जमानत के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक खान सर तक नहीं पहुंच सकी है। उनके ठिकाने को लेकर लगातार अटकलें लग रही हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।
क्या था कोचिंग पर फायरिंग का मामला?
दो जून को खान सर उर्फ फैजल खान के कोचिंग सेंटर 'खान ग्लोबल स्टडीज' पर हमला, तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना सामने आई थी। हमले का आरोप ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीट्यूट के रौशन आनंद पर लगा था। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीच्यूट के रौशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फायरिंग से संबंधित वीडियो 'ज्ञान बिंदु' की ओर से जारी किया गया, जिसमें खान सर के गार्ड फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। इस फायरिंग के वीडियो की जांच के बाद खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और उनपर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।