1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: शादी के एक हफ्ते बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, परिजनों ने लड़के के घर पर किया हमला

VIDEO: शादी के एक हफ्ते बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, परिजनों ने लड़के के घर पर किया हमला

बिहार के जहानाबाद जिले में एक युवती शादी के एक सप्ताह में ही अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इसके बाद लड़के के परिजनों ने प्रेमी के घर पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। करीब 50-60 लोगों ने देर रात हमला किया, जिस दौरान लड़के के परिजनों ने किसी तरह से जान बचाई।

लड़के के घर पर किया हमला।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV लड़के के घर पर किया हमला।

जहानाबाद: जिले में मेहंदी का रंग उतरने से पहले दूल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। वहीं इस घटना से नाराज युवती के परिजनों ने प्रेमी के घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान करीब 50 की संख्या में आए लोगों ने प्रेमी के घर पर जमकर तोड़ फोड़ की। पूरा मामला कल्पा थाना क्षेत्र के दाउतपुर गांव का बताया जा रहा है। 

कई सालों से चल रहा था प्रेम-प्रसंग

दरअसल, छोटी-कल्पा गांव की एक युवती का दाउतपुर गांव के युवक के साथ पिछले 6-7 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिनों पहले दोनों घर से फरार हो गए थे, लेकिन सामाजिक और लड़का पक्ष के दबाव में दोनों वापस आ गए। बीते 17 मई को युवती की शादी दूसरी जगह पर करा दी गई। इसके बावजूद दोनों का प्रेम प्रसंग जारी रहा। वहीं शादी के महज एक सप्ताह के बाद दोनों फिर से घर छोड़कर फरार हो गए। 

लड़के के घर पर युवती के परिजनों ने किया हमला

वहीं घटना के बाद लड़की के परिजनों ने प्रेमी युवक के घर पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। इस दौरान लड़के के परिजनों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इस घटना के बाद दोनों गांवों में तनाव बना हुआ है। घटना को लेकर दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। 

पहले भी हो चुके हैं फरार

पीड़ित परिजनों ने बताया कि उनके लड़के का पड़ोस के गांव के युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 12 मई को दोनों प्रेमी युगल घर छोड़ कर फरार हो गए थे। बाद में सामाजिक और लड़का पक्ष के दबाव में दोनों वापस आ गए। इसके बाद बीते 17 मई को युवती की शादी कहीं दूसरे जगह कर दी गई। शादी के बाद 25 मई को वह अपने पति को छोड़कर फिर अपने प्रेमी संग फरार हो गई।

50-60 लोगों ने किया था हमला

परिजनों का कहना है कि लड़की पक्ष के करीब 50-60 लोगों ने उनके घर पर हमला किया है। परिजनों ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका कहां है और वे दोनों कहां भागे हैं। परिजनों का आरोप है कि तोड़फोड़ के दौरान उन्होंने लूट-पाट भी की। इतना ही नहीं आरोपियों ने पड़ोसियों के घरों पर भी हमला किया। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि पुलिस के आने से पहले आरोपी फरार हो गए। फिलहाल एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (इनपुट- मुकेश)