बिहार के सुपौल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के जीवछपुर बाजार में अंडा दुकान पर छापेमारी कर पुलिस ने कथित तौर पर ब्राउन शुगर बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान उसके पास से 100 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) और 15,770 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे भीमपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली कि जीवछपुर बाजार स्थित मस्जिद गली में एक आने के दुकान की आड़ में ब्राउन शुगर (स्मैक) की बिक्री की जा रही है। सूचना में दुकान संचालक की पहचान जीवछपुर वार्ड-4 निवासी मोहम्मद रोजित साफी के पुत्र मोहम्मद हकीम साफी के रूप में बताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। इसके बाद सुपौल एसपी शरथ आरएस के निर्देश पर त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में भीमपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी भी शामिल थे।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई तलाशी
गठित पुलिस टीम ने मिली सूचना के आधार पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जीवछपुर बाजार स्थित संबंधित अंडे की दुकान में विधिवत छापेमारी कर तलाशी ली। इस दौरान मोहम्मद हकीम साफी को कथित तौर पर 100 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से 15 हजार 770 रुपये नकद भी बरामद किए।
तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और उससे जुड़े आगे के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। सुपौल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुपौल से संत सरोज की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें-
खरगे के ‘अवैध’ वाले बयान पर BJP का पलटवार, पूछा- 'क्या आप भी अवैध सांसद हैं?'