A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सीतामढ़ी में व्यवसायी पुट्टू खान की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित जनता का फूटा गुस्सा

सीतामढ़ी में व्यवसायी पुट्टू खान की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित जनता का फूटा गुस्सा

सीतामढ़ी में व्यवसायी पुट्टू खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर अपराधी मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

व्यवसायी पुट्टू खान की गोली मारकर हत्या - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV व्यवसायी पुट्टू खान की गोली मारकर हत्या

सीतामढ़ीः बिहार के सीतामढ़ी शहर में शनिवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब बेखौफ अपराधियों ने व्यवसायी पुट्टू खान की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात मेहसौल मुख्य बाजार इलाके में हुई, जहां व्यस्त सड़क पर अपराधियों ने अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़कों पर उतरकर जमकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। 

पुलिस के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन

लोगों का कहना है कि शहर में अपराध बेलगाम होता जा रहा है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुट्टू खान का मेहसौल चौक पर नयन ऑप्टिकल नाम से चश्मे की दुकान है साथ ही उनके इनवर्टर बैटरी का भी दुकान है। शहर के बीचो-बीच हुई हत्या के वारदात से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। 

पुलिस कर रही है मामले की जांच

पुट्टू खान की हत्या के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। भीड़ ने एंबुलेंस को घेर लिया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल भी पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने नारेबाजी भी की। फिलहाल मौके पर शांति है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 किराना दुकान के मालिक की गोली मारकर हत्या

वहीं, पटना के रामकृष्ण नगर में एक अज्ञात व्यक्ति ने किराना दुकान के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम हुई और मृतक की पहचान विक्रम झा के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक (पटना पूर्वी) परिचय कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दुकानदार को नज़दीकी अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे की सही वजह अभी पता नहीं चल पाई है और मामले की जांच जारी है। 

रिपोर्ट- सौरभ, सीतामढ़ी