1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में कारोबारी की गोली मारकर हत्या, सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

पटना में कारोबारी की गोली मारकर हत्या, सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

पटना के अथमलगोला में कारोबारी की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। वारदात के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है।

पटना कारोबारी हत्या- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पटना कारोबारी हत्या

बिहार की राजधानी पटना के अथमलगोला थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात दक्षिणीचक गांव के पास रेलवे फाटक के नजदीक हुई है। मृतक की पहचान करीब 35 से 40 वर्षीय ललन पुरी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कारोबारी की हत्या के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बदमाशों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां 

जानकारी के अनुसार, ललन पुरी रूपस गांव में आयोजित मेले में माला और अन्य सामान बेचने के लिए गए थे। 8 सितंबर 2026 देर रात करीब 1 बजे वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दक्षिणीचक रेलवे फाटक के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद ललन पुरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाद में उनका शव रेलवे फाटक के पास स्थित एक खेत से बरामद किया गया।

परिवार ने कहा पुरानी रंजिश हो सकती है वजह

परिजनों के अनुसार, कुछ दिनों पहले ललन पुरी की मोपेड बाइक जला दी गई थी। इस मामले में उन्होंने पड़ोसी के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण ललन पुरी की हत्या की गई है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।

पुलिस ने शुरू कर दी जांच पड़ताल

घटना की जानकारी मिलते ही अथमलगोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्धों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पटना के फतुहा डीएसपी अवधेश कुमार ने बताया है की कारोबारी हत्याकांड के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट