1. Hindi News
  2. बिहार
  3. राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा मामला बिहार में सामने आया, औरंगाबाद से पति को गयाजी ले गई; प्रेमी के साथ मिलकर मार डाला

राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा मामला बिहार में सामने आया, औरंगाबाद से पति को गयाजी ले गई; प्रेमी के साथ मिलकर मार डाला

बिहार के औरंगाबाद में इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। चार बच्चों की मां पूजा ने अपने पति को प्रेमी के साथ मिलकर मार डाला।

 मृतक बिक्कू और उसकी पत्नी पूजा की फाइल फोटो- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मृतक बिक्कू और उसकी पत्नी पूजा की फाइल फोटो

औरंगाबादः राजा रघुवंशी हत्याकांड से मिलता-जुलता केस बिहार के औरंगाबाद में देखने को मिला है। औरंगाबाद के लाला अमौना गांव की एक महिला इलाज के बहाने से पति को गयाजी ले गई जहां पर उसने प्रेमी के साथ मिलकर बेहरमी से हत्या कर दी। पुलिस ने पति की हत्या के आरोप में महिला को गिरफ्तार किया है।

पति को बहाने से ले गई थी गयाजी

जानकारी के मुताबिक, लाला अमौना गांव की पूजा नाम की एक महिला ने अपने आशिक कमलेश के साथ मिलकर अपने पति बिक्कू की बड़ी ही बेरहमी से हत्या कर दी। दवा लाने के नाम पर अपने पति को धोखे से गयाजी ले गई। महिला ने अपने प्रेमी के साथ इस जघन्य घटना को तब अंजाम दिया जब वह पति के साथ लौट रही थी। आरोप है कि पूजा के प्रेमी कमलेश ने स्कॉर्पियो से रौंदकर बिक्कू की हत्या कर दी।

बिक्कू को धमकाकर पूजा के साथ कमरे में घंटों रहता था कमलेश

बिक्कू के परिजनों का आरोप है कि पूजा का प्रेमी कमलेश दिनदहाड़े उसके घर आता था। उसके और चार बच्चों को पिस्टल की नोंक पर एक कमरे में बंद कर देता था। चुपचाप रहने की धमकी देकर वह पूजा के साथ अलग कमरे में चला जाता था। जहां दोनों घंटों बिताया करते थे। डर के नाते पति बिक्कू कुछ नहीं बोलता था। बिक्कू की विधवा लाचार मां कहती हैं कि उसकी बहु पूजा और उसके आशिक कमलेश को फांसी की सजा दी जाए ताकि कोई भी बहन-बेटी ऐसा करने से पहले सौ बार सोचे। 

कैसे हुआ मामले का खुलासा

बन्देया थाना क्षेत्र के झिकटिया मोड़ के पास बिक्कू का शव मिला था। मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने जब इसकी जांच शुरू की तब पता चला कि बिक्कू की हत्या मामले में उसकी पत्नी का ही हाथ है। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तब उसने सब कुछ स्वीकार कर लिया। 

घटना के बाद से महिला का प्रेमी फरार

फिलहाल महिला का प्रेमी कमलेश अभी भी फरार है। पुलिस ने जल्द ही उसके प्रेमी रफीगंज के कर्मा मसूद गांव निवासी कमलेश को भी गिरफ्तार कर लिए जाने की बात कही है। इस घटना से पूरा औरंगाबाद शर्मशार है। सबों के मन में बस एक ही सवाल है कि इन बच्चों का आखिर क्या कसूर था जो इनके सिर से बाप का साया छिन गया।

रिपोर्ट- किशोर प्रियदर्शी, औरंगाबाद