1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जहानाबाद में तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग ने ली 10 साल के मासूम की जान, परिवार में पसरा मातम

जहानाबाद में तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग ने ली 10 साल के मासूम की जान, परिवार में पसरा मातम

जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र के सुजातपुर गांव में हर्ष फायरिंग की वजह से एक 10 साल के मासूम की मौत हो गई। इस घटना ने जश्न को मातम में बदल दिया है। जानें क्या है पूरा मामला।

जहानाबाद में तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग ने ली 10 साल के मासूम की जान- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV जहानाबाद में तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग ने ली 10 साल के मासूम की जान

बिहार के जहानाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। जिले के एक गांव में आयोजित तिलक समारोह के दौरान बारबालाओं के डांस प्रोग्राम में हुई हर्ष फायरिंग के कारण एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जबकि इस घटना में दो अन्य लोग भी गोली के छर्रे लगने से घायल हुए हैं। 

कहां की है घटना
घटना घोसी थाना क्षेत्र के सुजातपुर गांव की है। जहां तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करने से एक 10 साल के मासूम की जान चली गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और शादी वाले घर में खुशियों की जगह चीख-पुकार मच गई है। बताया जाता है कि बुधवार की रात सुजातपुर गांव निवासी कृष्णा यादव के घर पर तिलक समारोह का आयोजन था। मेहमानों और ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए घर के बाहर बारबालाओं के डांस प्रोग्राम की व्यवस्था की गई थी। इस प्रोग्राम को देखने के लिए गांव के अन्य लोगों के साथ विपिन यादव का 10 वर्षीय पुत्र रौशन उर्फ आलोक कुमार भी वहां मौजूद था। ​प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने बताया कि डांस प्रोग्राम जब शबाब पर था, तभी गांव के ही कुछ लोगो ने अवैध हथियारों से हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान चली एक गोली सीधे मासूम रौशन के सिर को पार कर गई। ​जिससे रौशन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बच्चे के सिर से टकराकर निकली गोली के छर्रे पास में ही खड़े दो अन्य ग्रामीणों को जा लगी, जिससे वे भी मामूली रूप से घायल हो गए। गोली चलते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। ​

जांच में जुटी पुलिस 
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय घोसी थाने की पुलिस दल-बल के साथ सुजातपुर गांव पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वही इस घटना के बाद ​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। वही एसपी का कहना है कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने का भरोसा दिया है।

(रिपोर्ट - मुकेश)

ये भी पढ़ें: