1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'चलो जीते हैं...', बिहार बीजेपी ने प्रधानमंत्री मोदी के के बचपन की कहानी बताने के लिए 243 रथों को दिखाई हरी झंडी

'चलो जीते हैं...', बिहार बीजेपी ने प्रधानमंत्री मोदी के के बचपन की कहानी बताने के लिए 243 रथों को दिखाई हरी झंडी

पीएम मोदी को 17 सितंबर को जन्मदिन है। इस दिन पूरे देश में खास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बिहार बीजेपी ने पीएम मोदी की कहानियों को लेकर 243 रथों को हरी झंडी दिखाई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

बिहार भाजपा ने मंगलवार को पटना से 243 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिन्हें 'चलो जीते हैं' नाम दिया गया है। इन वाहनों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन की कहानी दिखाने के लिए एक फिल्म दिखाई जाएगी। एलईडी स्क्रीन से सुसज्जित ये वाहन आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बिहार के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेंगे। 

सेवा और समर्पण का संदेश

इन रथों को पटना के गांधी मैदान से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जायसवाल ने कहा कि ये रथ राज्य भर के लोगों तक सेवा और समर्पण का संदेश पहुंचाएंगे। 

चलाई जाएगी 'चलो जीते हैं' लघु फिल्म

उन्होंने कहा, ‘इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री मोदी के बचपन पर आधारित प्रेरणादायक लघु फिल्म 'चलो जीते हैं' राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में दिखाई जाएगी, ताकि नागरिकों को उनकी सेवा, संघर्ष और संकल्प के जीवन से प्रेरित किया जा सके।’ जायसवाल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य राज्य के लोगों में सेवा की भावना पैदा करना है। 

सभी विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे ये रथ

राज्य भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘ये वाहन विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे और भाजपा के मुद्दों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार द्वारा उठाए गए कल्याणकारी कदमों के बारे में जागरूकता फैलाएंगे।’ 

सरकार की बताई जाएंगी उपलब्धियां

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 'चलो जीते हैं' रथ हर विधानसभा क्षेत्र में घूमेंगे और लोगों को यह संदेश देंगे कि एक गरीब का बेटा भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। उन्होंने लोगों से इस संदेश को घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जीएसटी दरें कम कर दी हैं और विश्वास व्यक्त किया कि भारत प्रगति के पथ पर अग्रसर है। 

हर साल 'सेवा पखवाड़ा’ का आयोजन

चौधरी ने कहा, ‘जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित किया है, हमें भी भारत को महान बनाने में योगदान देना चाहिए।’ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा हर साल प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में ‘सेवा पखवाड़ा’ का आयोजन करती है। उन्होंने कहा, ‘इसका उद्देश्य लोगों तक कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी पहुंचाना तथा केन्द्र एवं राज्य सरकारों की योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।’