A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. रामविलास पासवान की पहली पत्नी के साथ चिराग के चाचा ने किया दुर्व्यवहार, पार्टी ने लगाए गंभीर आरोप, जानिए पूरा मामला

रामविलास पासवान की पहली पत्नी के साथ चिराग के चाचा ने किया दुर्व्यवहार, पार्टी ने लगाए गंभीर आरोप, जानिए पूरा मामला

लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (LJP-RV) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने पशुपति कुमार पारस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने इस मामले में हस्तक्षेप कर जायजा लिया है।

चिराग पासवान और उनके चाचा पशुपति कुमार पारस- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO चिराग पासवान और उनके चाचा पशुपति कुमार पारस

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (LJP-RV) ने पशुपति कुमार पारस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (RV) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत रामविलास पासवान की पहली पत्नी के साथ कथित दुर्व्यवहार के लिए सोमवार को उनके चाचा और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पशुपति कुमार पारस को जिम्मेदार ठहराया है। 

राजकुमारी देवी को पैतृक आवास से बेदखल करने की कोशिश 

लोजपा (RV) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने आरोप लगाया कि पारस और उनके दिवंगत छोटे भाई राम चंद्र पासवान की पत्नियों ने हाल ही में राजकुमारी देवी (रामविलास पासवान की पहली पत्नी) को बिहार के खगड़िया जिले में उनके पैतृक आवास से बेदखल करने की कोशिश की थी। रामविलास पासवान ने चिराग की मां रीना से शादी करने से 20 साल पहले राजकुमारी देवी से विवाह किया था। 

चिराग पासवान ने मामले में किया हस्तक्षेप

प्रदेश अध्यक्ष तिवारी ने कहा, ‘हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष (चिराग) को जैसे ही इस घटनाक्रम की जानकारी मिली, उन्होंने प्रिंस पासवान (राम चंद्र पासवान के बेटे) को अपने पैतृक गांव सहार बन्नी जाकर स्थिति का जायजा लेने को कहा।’ 

राजकुमार देवी को घर से जाने को कहा गया

तिवारी ने कहा, ‘हमें बताया गया है कि राजकुमारी देवी को मिले कमरे में ताला लगा दिया गया है और उनसे वहां से जाने के लिए कहा जा रहा है। पारस, जो दिवंगत रामविलास पासवान को पूजने का दावा करते हैं, अपनी बुजुर्ग और बीमार भाभी के साथ दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन हम राजकुमारी देवी के समर्थन में खड़े हैं।’ 

अभी पुलिस में दर्ज नहीं हुई शिकायत

इस सिलसिले में अभी तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पारस से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका। ताजा विवाद को चिराग और पारस के बीच बिहार के शीर्ष दलित नेताओं में से एक रामविलास पासवान की 'राजनीतिक विरासत’ पर कब्जे को लेकर जारी झगड़े के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। (भाषा के इनपुट के साथ)