1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में बेलगाम हुए अपराधी, बदमाशों ने की जदयू नेता के पिता की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

बिहार में बेलगाम हुए अपराधी, बदमाशों ने की जदयू नेता के पिता की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। लेकिन उससे पहले बिहार में अपराधी जमकर अपराध कर रहे हैं। आए दिन किसी ना किसी की हत्या की खबर सामने आ रही है। इस बीच जदयू के एक युवा नेता के पिता की बदमाशों ने हत्या कर दी है।

Criminals are out of control in Bihar miscreants killed JDU leaders father police engaged in investi- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बिहार में जदयू नेता के पिता की हत्या

बिहार में एक तरफ जहां जोरों-शोरों से विधानसभा चुनाव की तैयारियां हो रही हैं। वहीं दूसरी तरफ बिहार में अपराधी बेलगाम घूम रहे हैं। इस बीच बिहार में एक और बड़ी हत्या को अंजाम दिया गया है। दरअसल जनता दल यूनाइटेड के युवा नेता के पिता की अपराधियों ने बेरहमी से हत्या की है। पूरा मामला रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र अमरा गांव का है। यहां गांव में ही स्थित गोशाला में धारदार हथियार से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। मृतक जदयू के प्रखंड अध्यक्ष के पिता बताए जा रहे हैं। हत्या की इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जदयू नेता के पिता की धारदार हथियार से हत्या

इस घटना की सूचना पाकर घटनास्थल पर पुलिस की टीम पहुंच चुकी है और मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, हत्या के पीछे आपसी रंजिश या जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। इस हत्याकांड के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। बता दें कि जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है। वैसे-वैसे बिहार में एक के बाद एक कई अपराध देखने को मिल रहे हैं। अगर बिहार की राजधानी पटना की ही बात करें तो दिनदहाड़ें वहां लोगों की हत्या कर दी जा रही है। पिछले कुछ दिनों में बिहार में कई हत्याकांड के मामले सामने आ चुके हैं।

बिहार में अपराधी हुए बेलगाम

बता दें कि बीते दिनों बिहार के मशहूर व्यापारी गोपाल खेमका की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद एक दूसरे व्यापारी और फिर एक दुकानदार की हत्या कर दी गई थी। इतना ही नहीं, बीते दिनों पटना वेटनरी कॉलेज में एक छात्र को गाली मारी गई थी। वहीं 17 जुलाई को राजधानी पटना में जेल से अस्पताल लाए गए एक कैदी को अस्पताल में घुसकर बदमाशों ने गोली मार दी। दरअसल शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित पारस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हुए चंदन मिश्रा नामक कैदी को चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने अस्पताल के अंदर घुसकर गोली मार दी। कैदी को गोली लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

(रिपोर्ट- रंजन सिंह राजपूत)