1. Hindi News
  2. बिहार
  3. घर में घुसकर मां के सामने बेटे को तलवार से काट डाला, प्रसाद खाने के विवाद में हुई हत्या, 5 लोग गिरफ्तार

घर में घुसकर मां के सामने बेटे को तलवार से काट डाला, प्रसाद खाने के विवाद में हुई हत्या, 5 लोग गिरफ्तार

बिहार के दरभंगा में प्रसाद खाने के विवाद में एक युवक की तलवार से हमला करके हत्या कर दी गई है। इस घटना में 5 लोग गिरफ्तार हो गए हैं।

Darbhanga - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV युवक अभिषेक कुमार की तलवार से हमला कर हत्या

दरभंगा: बिहार के दरभंगा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की घर में घुसकर हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने युवक पर तलवार से हमला किया। इस दौरान युवक की मां और बहन ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन हमलावर नहीं माने और युवक को मौत के घाट उतार दिया।

क्या है पूरा मामला?

चैत्री दुर्गा पूजा के दौरान प्रसाद खाने के दौरान हुआ विवाद इतना बड़ा हो गया कि सोमवार देररात घर में घुसकर मां के सामने ही युवक अभिषेक कुमार की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने नगर थाना के हसन चौक के पास सड़क जाम कर हंगामा किया तो मौके पर सदर SDPO अमित कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर जाम हटाया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से नगर थाने में पूछताछ जारी है।

मृतक की पहचान लालबाग के रहने वाले अमरनाथ मंडल के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस ने घायल अभिषेक कुमार डीएमसीएच पहुंचाया था लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।

बताया जाता है कि चैत्री नवरात्र के प्रसाद को लेकर विवाद तीन दिनों पहले शुरू हुआ था। जिसमें मृतक के साथ मोहल्ले के कुछ लड़कों ने मारपीट की थी। बीती रात मृतक अपने दरवाजे पर परिवार के लोगों के साथ बैठा था। इस दौरान प्रतिमा विसर्जन से लौटने के बाद आरोपित लड़कों ने मृतक अभिषेक के ऊपर तलवार से हमला कर दिया। मारपीट होता हुआ देख उसके परिजनों ने बचाने का प्रयास किया तो उनपर भी तलवार से हमला कर दिया गया। जिससे बचाने वाले दो युवक भी घायल हो गए।

घटना के संबंध में मृतक के चाचा ने बताया कि प्रसाद को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मोहल्ले के कुछ लड़कों ने मेरे भतीजे के साथ मारपीट की। बीती रात दोबारा उन्हीं लोगों के द्वारा घर में घुसकर तलवार से हमला कर दिया गया। इससे उसकी मौत हो गई। (इनपुट: जितेंद्र कुमार)