बिहार की राजधानी पटना के फतुहा क्षेत्र में सोमवार की दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक व्यवसायी से करीब साढ़े चार लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, पीड़ित व्यवसायी के बयान और स्थानीय लोगों द्वारा उठाए गए सवालों ने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया
घटना के शिकार पटना के बुद्धा कॉलोनी निवासी और सिक्योरिटी एजेंसी संचालक प्रभुशंकर ने बताया कि उन्हें फतुहा स्थित नेशनल प्लास्टिक कंपनी के कामगारों को वेतन देना था। इसी सिलसिले में वह पटना से करीब साढ़े चार लाख रुपये पिट्ठू बैग में रखकर बाइक से फतुहा जा रहे थे। पीड़ित के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही वह फतुहा फैक्ट्री एरिया में श्री प्लाई कंपनी के पास पहुंचे, दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर उनकी कनपटी पर सटा दी, जबकि अन्य बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
बदमाशों ने नहीं नहीं ढका था अपना चेहरा
प्रभुशंकर ने बताया कि जब उन्होंने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने पिस्तौल के बट से उन पर हमला कर दिया। हमले में उनका हेलमेट टूट गया और चेहरे पर चोटें आईं। इसके बाद चारों बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित का दावा है कि किसी भी बदमाश ने अपना चेहरा नहीं ढका था और सभी स्थानीय बोली में बातचीत कर रहे थे। इससे उन्हें बदमाशों के स्थानीय होने का शक है। घटना के तुरंत बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कर रही है मामले की कार्रवाई
वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस गश्ती को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि इलाके में पर्याप्त गश्ती नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट
सुपौल में रफ्तार का कहर, ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, पति-पत्नी समेत 3 की मौत