1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नदी में मछली पकड़ने गई, पीछे से पहुंचा देवर, साथ चलने से इनकार किया तो भाभी को चाकू से गोदा; 4 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

नदी में मछली पकड़ने गई, पीछे से पहुंचा देवर, साथ चलने से इनकार किया तो भाभी को चाकू से गोदा; 4 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

मधेपुरा में देवर ने भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने भागमनी देवी के साथ करीब चार साल से प्रेम संबंध होने की बात कही है। पंचायत में हुए समझौते के बाद महिला और उसके पति दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

आरोपी भवेश कुमार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER आरोपी भवेश कुमार

बिहार के मधेपुरा के गम्हरिया थाना क्षेत्र के रूपौली में सोमवार को अवैध संबंध में विवाद के बाद देवर ने भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बुढ़ावे गांव निवासी सुमन ऋषिदेव की पत्नी भागमनी देवी (35) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बुढ़ावे निवासी भवेश कुमार (19) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रिश्ते में भागमनी देवी का देवर बताया जा रहा है।

आरोपी गिरफ्तार, खून से सना चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू भी बरामद किया है। भागमनी देवी सोमवार दोपहर रूपौली गांव के पास स्थित बैंगा नदी में मछली पकड़ने गई थी। इसी दौरान भवेश कुमार वहां पहुंच गया। भावेश, भागमनी देवी पर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। भागमनी देवी के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भागमनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। 

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने भवेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के भांजा दीपक कुमार ने बताया कि उनकी मामी कुछ दिन पहले पड़ोस के भवेश कुमार के साथ पंजाब चली गई थी। दो दिन वहां रहने के बाद वह वापस गांव लौट आई। लेकिन सुसराल और मायके वाले उसे रखने के लिए तैयार नहीं थे। इसके बाद वह रूपौली में अपने ननद के घर पर रह रही थी। भागमनी का मोबाइल भवेश के पास था। सोमवार को भवेश मोबाइल देने के बहाने ही नदी किनारे पहुंचा था।

पूछताछ में हुआ प्रेम प्रसंग का खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने भागमनी देवी के साथ करीब चार साल से प्रेम संबंध होने की बात कही है। भवेश ने बताया कि वह पंजाब में मजदूरी करता था। भागमनी देवी के फोन करने पर वह करीब पांच दिन पहले पंजाब से वापस गांव आया था। वापस लौटने के बाद वह भागमनी देवी को अपने साथ रखना चाहता था। सोमवार को भी उसने भागमनी देवी से अपने साथ चलने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

पंचायत के बाद पति से अलग रह रही थी मृतका

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने सोमवार सुबह सिंहेश्वर बाजार से चाकू खरीदा था। दोपहर में जब उसे पता चला कि भागमनी देवी बैंगा नदी की ओर गई है, तो वह वहां पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि भागमनी देवी और उसके पति सुमन ऋषिदेव के बीच संबंध ठीक नहीं थे। पंचायत में हुए समझौते के बाद दोनों अलग-अलग रह रहे थे। भागमनी देवी के दो बच्चे हैं। बताया गया कि पंचायत के फैसले के तहत एक बच्चा पति के साथ और दूसरा बच्चा भागमनी देवी के साथ रह रहा था।

गम्हरिया थाना अध्यक्ष राघवेंद्र नारायण ने बताया कि हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त कर दिया गया है। साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है।

(रिपोर्ट- मनीष कुमार)

ये भी पढ़ें-

जमुई में बैड टच की शिकार नाबालिग का वीडियो वायरल करने वालों पर शिकंजा, 120 सोशल मीडिया अकाउंट चिह्नित

अलवर में BJP की मेयर बनते ही फूट-फूटकर रो पड़े मंत्री संजय शर्मा, बोले- "पिछली बार मुझे छला गया था"; देखें VIDEO