बिहार के बांका स्थित सलेमपुर गांव में एक अजीबो-गरीब घटना देखने को मिली है। यहां गुरुवार की रात एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान दीपक पासवान की पत्नी परो देवी उर्फ पार्वती देवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, महिला की दो बेटियां हैं और वह अपने बच्चों के साथ गांव में रहती थी। महिला का भरण पोषण उसकी सास करती थी, जबकि उसका पति दीपक पासवान दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। इस घटना के संबंध में बताया गया कि होली के अवसर पर परो देवी अपने मायके से ससुराल आई थी। गुरुवार को फोन पर उसका विवाद उसके पति से हुआ। इस दौरान परो देवी ने कथित रूप से कीटनाशक खा लिया और घर का दरवाजा बंद करके सो गई। देर शाम जब परिजनों ने दरवाजा बंद पाया, तो उसे खोलने की कोशिश की। जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजन छत के रास्ते से उन्होंने देखा कि परो लेटी हुई है।
कीटनाशक खाने की वजह से महिला की मौत
दरवाजा खुलने के बाद पता चला कि महिला की हालत गंभीर है, लेकिन वह हिचकी ले रही थी। परिजनों ने आनन-फानन में इसकी सूचना मायके वालों को दी और कहा कि उसे शाहकुंड के किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ले जा रहे हैं। बताया गया कि परो देवी को बाइक पर शाहकुंड ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मेढ़िया नाथ पुलिस के पास उसकी मौत हो गई। इसके बाद महिला के शव को वापस सलेमपुर गांव लाया गया। जानकारी के मुताबिक, महिला को जब बाइक से अस्पताल ले जाया जा रहा था, इस दौरान महिला का पैर बुरी तरह चोटिल हो गया था और काफी खून भी बहा था।
मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
वहीं मृतका के भाई प्रकाश पासवान जो कि शाहकुंड के अशरफपुर गांव के निवासी है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। प्रकाश ने बताया कि शाम करीब 6.30 बजे बहन के देवर जतन पासवान का फोन आया था, जिसमें बताया गया कि परो देवी ने जहर खा लिया है। वह उस समय भागलपुर में थे और उन्होंने तत्काल उसे अस्पताल ले जाने को कहा। लेकिन जतन ने कहा, 'जब तक आप नहीं आएंगे, हम कहीं नहीं जाएंगे।' मृतका के भाई को यह बात संदिग्ध लगी। इसके बाद रात करीब 10 बजे प्रकाश ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस के साथ वह सलेमपुर गांव पहुंचे। वहां देखा कि उनकी बहन की मौत हो चुकी है। प्रकाश ने आरोप लगाया कि परो देवी के पैर कुचले गए थे और शरीर के कई हिस्से जलाए गए थे।
पुलिस ने कही ये बात
प्रकाश ने बताया कि अगर पुलिस थोड़ी देर और करती तो ससुराल पक्ष वाले शव को दफना देते। हालांकि इस घटना की जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि करीब 6 महीने पहले परो देवी की ननद की मौत हो गई थी। इसके बाद ननदोई ने सोशल मीडिया पर परो देवी के साथ एक रील शेयर किया था, जिसे लेकर उसका पति दीपक पासवान और अन्य ससुराल वाले नाराज हो गए थे। उन्होंने परो पर अवैध संबंध का आरोप लगाया था। हालांकि उस विवाद को उस समय शांत करा दिया गया था, लेकिन अब मामला हत्या तक पहुंच गया। मृतका के परिजनों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। अमरपुर थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि एक वीडियो वायरल हुआ है, जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट- दीपक कुमार सिंह)