बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में जिम से लौट रहे एक डॉक्टर को बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर अपना निशाना बनाया। बदमाश डॉक्टर से करीब 25 ग्राम वजन की सोने की चैन लूटकर फरार हो गए। लूट की पूरी वारदात पास की एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस अब बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।
विरोध करने पर अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर डराया
पीड़ित की पहचान एसकेएमसीएच के नेफ्रोलॉजी विभाग में कार्यरत डॉ. प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह जिम से एक्सरसाइज कर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के इमलीचट्टी स्थित अपने आवास के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर गले से सोने की चैन छीन लिया। डॉक्टर ने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर डराया और मौके से फरार हो गए।
करीब चार लाख रुपये है सोने के चैन की कीमत
डॉक्टर प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया कि लूटी गई सोने के चैन की कीमत करीब चार लाख रुपये है। वह जिम से वर्कआउट खत्म कर पैदल ही अपने क्लिनिक की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश आए। गाड़ी के पीछे बैठे बदमाश ने गले पर झपट्टा मारा और उनकी सोने की मोटी चैन तोड़ ली।
पुलिस ने की जांच शुरू
घटना के बाद प्रमोद कुमार ने ब्रह्मपुरा थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देकर भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
दिनदहाड़े डॉक्टर से हुई इस लूट की घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट