1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पूर्वी चंपारण: 7 एंबुलेंस से गांव पहुंचे 11 तीर्थ यात्रियों के शव, मेयर भी फूट-फूट कर रोईं

पूर्वी चंपारण: 7 एंबुलेंस से गांव पहुंचे 11 तीर्थ यात्रियों के शव, मेयर भी फूट-फूट कर रोईं

जब 11 तीर्थयात्रियों के शव गांव पहुंचे तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों के साथ मेयर भी फूट-फूट कर रोने लगीं। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

Dead bodies- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT तीर्थ यात्रियों के शव

बिहार के पूर्वी चंपारण में जब 11 तीर्थयात्रियों के शव गांव पहुंचे तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। पश्चिम बंगाल के वर्धमान से सात एंबुलेंस में 11 शव बिहार लाए गए। जब ये शव बिहार के गांव पहुंचे तो इलाके की मेयर भी फूट-फूट कर रोने लगीं। पश्चिम बंगाल के वर्धमान में 15 अगस्त को तीर्थ यात्रियों से भरी बस ट्रक में टकरा गई थी। इस भीषण हादसे में पूर्वी चंपारण के 11 लोगों की मौत हो गई। मौत के बाद गांव में कोहराम मच गया। सात एंबुलेंस से 11 शव को पूर्वी चंपारण लाया गया। 

शवों को मृतक के परिजनों को सौंपा गया। सभी 11 शव के आने की सूचना मिलते ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गांव में चीख पुकार मच गयी। वहीं, शव को देखने एवं परिजन को सांत्वना देने पहुंची मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति कुमारी फूट फूटकर रोने लगीं। 

मेयर की आंखों में आंसू

मोतिहारी शहर के बढई टोला स्थित मृतक के घर पहुंची मेयर प्रीति कुमारी मृतक के घर पर भीड़ का दृश्य को देख मेयर की आंखों में भी आंसू आ गए। मेयर भी फूट-फूट कर रोने लगीं। वहीं, सभी के शव का दाह संस्कार किया गया। मृतकों की सूची में मीरा देवी, अमरजीत कुमार ,योगी शाह ,नगीना साहनी, नरेश पासवान ,पुनदेव पासवान ,शिव शंकर गिरी ,सुखदेव शर्मा ,सुंदर पति देवी ,पारस शाह और संदीप कुमार शामिल हैं। 

सभी परिवारों के मुखिया की मौत

इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस घटना पर दुख जताते हुए मेयर प्रीति गुप्ता ने कहा कि यह बड़ी ही दुखद घटना है। जिसमें हमारे जिले के 11 लोगों की मौत हुई है। सभी के परिवार ने अपने-अपने घर के मुखिया को खोया है। यह बेहद दुखद घटना है। इस दुख की घड़ी में हम मृतक के परिवार के साथ खड़े हैं।

(मोतिहारी से अरविन्द कुमार की रिपोर्ट)