1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नालंदा में शराब तस्करों की गोली से EIB जवान अजीत कुमार की मौत, बिहार में शराबबंदी पर उठे सवाल

नालंदा में शराब तस्करों की गोली से EIB जवान अजीत कुमार की मौत, बिहार में शराबबंदी पर उठे सवाल

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब माफियाओं के हौसने बुलंद हैं और वो अपराध को अंजाम देने से पीछे नहीं हट रहे। ताजा मामला नालंदा जिले के पावापुरी-सिलाव/गिरियक हाईवे इलाके का है, जहां शराब की बड़ी खेप पकड़ने गई उत्पाद विभाग की टीम पर तस्करों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में EIB के आरक्षी अजीत कु

नालंदा में शराब तस्करों की गोली से EIB जवान अजीत कुमार की मौत, बिहार में शराबबंदी पर उठे सवाल - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV नालंदा में शराब तस्करों की गोली से EIB जवान अजीत कुमार की मौत, बिहार में शराबबंदी पर उठे सवाल

बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र में गोली लगने से उत्पाद विभाग की EIB के आरक्षी अजीत कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद विभाग में शोक का माहौल है। शाहिद अजीत कुमार नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के नगमा गांव के रहने वाले थे। जवान की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी सात साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है।

गुप्त सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी टीम

मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड से पिकअप वैन के जरिए नालंदा में शराब की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पटना से EIB की टीम नालंदा पहुंची थी। टीम संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान पावापुरी जल मंदिर रोड से पहले फ्लाइवर जाने वाले रास्ते के पास गोली चलने की घटना हुई। गोली लगने से आरक्षी अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को आनन-फानन में पावापुरी स्थित वर्धमान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (विम्स) अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना के PMCH रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान रात करीब डेढ़ बजे अजीत कुमार ने दम तोड़ दिया।

उत्पाद अधीक्षक ने दी घटना की जानकारी

नालंदा के उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से पिकअप वैन के जरिए शराब की तस्करी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान गोली चलने से EIB के सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

अजीत कुमार के रिश्तेदार विक्रम कुमार ने घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि परिवार को अजीत के घायल होने की सूचना मिली थी। उनके अनुसार, अस्पताल में भर्ती कराने के बाद टीम के कुछ साथी दो-तीन घंटे तक लापता रहे और परिजनों के आक्रोश के बाद दोबारा पहुंचे। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना के पीछे कोई साजिश हो सकती है। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

पिता ने रोते हुए दी श्रद्धांजलि

अजीत कुमार के पिता मदन कुमार पटना के कुम्हरार स्थित मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के कार्यालय पहुंचे। वहां विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पिता अपने बेटे को याद कर फूट-फूटकर रो पड़े। अजीत कुमार की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। उनकी एक सात साल की बेटी है। परिवार में तीन भाई और दो बहनें हैं। जवान की मौत से पत्नी, बेटी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

(Report: Bitu Kumar)