A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पाकिस्तान के लिए जासूसी! मुजफ्फरपुर का नौशाद गिरफ्तार, देवघर मंदिर की लोकेशन भेजने का था टास्क

पाकिस्तान के लिए जासूसी! मुजफ्फरपुर का नौशाद गिरफ्तार, देवघर मंदिर की लोकेशन भेजने का था टास्क

मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र स्थित हरचंदा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव में दबी जुबान लोग नौशाद की गिरफ्तारी की चर्चा कर रहे हैं। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है।

muzaffarpur - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नौशाद के घर के बाहर जमा लोग

मुजफ्फरपुर: देश की सुरक्षा से जुड़े एक बड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए उत्तर प्रदेश की कौशांबी पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी के रूप में बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित हरचंदा गांव निवासी नौशाद अली उर्फ लालू को भी पकड़ा  है। नौशाद पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को देश के अहम लोकेशंस भेजने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, नौशाद पाकिस्तान में बैठे मास्टरमाइंड के संपर्क में था और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उस पर भारतीय सेना की गतिविधियों की रेकी कर वीडियो, फोटो और लोकेशन पाकिस्तान भेजने का गंभीर आरोप है।

दो साल पहले एक लाख रुपये लेकर दिल्ली गया था

बताया गया है कि नौशाद करीब दो साल पहले अपने पिता जलालुद्दीन से एक लाख रुपये लेकर दिल्ली गया था। दिल्ली में उसने टायर पंचर की दुकान खोलने की बात कही थी। फिलहाल वह हरियाणा के फरीदाबाद के नचौली गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर पिछले तीन महीनों से पंचर बनाने का काम कर रहा था। इससे पहले वह दिल्ली में भी रह चुका है।

रेकी कर वीडियो भेजने का मिला था टास्क

जांच एजेंसियों के मुताबिक, नौशाद साधारण जीवन जीता दिखता था, लेकिन गुप्त रूप से वह देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था। पाक एजेंसियों की ओर से उसे झारखंड के देवघर स्थित प्रसिद्ध मंदिर और दिल्ली कैंट क्षेत्र की रेकी कर वीडियो और जीपीएस लोकेशन भेजने का टास्क मिला था। वह अपने साथियों के जरिए भी संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाकर विशेष ऐप के माध्यम से पाकिस्तान भेजता था। इस नेटवर्क के तार सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से जुड़े पाए गए हैं। अब तक इस मामले में 18 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गिरफ्तारी के बाद गांव में पसरा सन्नाटा

नौशाद की गिरफ्तारी के बाद उसके पैतृक गांव हरचंदा में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, उसके पिता जलालुद्दीन ने दो शादियां की थीं और हाल के वर्षों में उन्होंने काफी संपत्ति अर्जित की है, जिसे लेकर गांव में चर्चाएं होती रही हैं। 
नौशाद की अम्मी ने बताया कि 16 तारीख को उनके बच्चे को गिरफ्तार कर लिया गया है।अभी तक पता नही चला है कि बच्चा कहां है। दिल्ली पांच महीने पहले गया था। बगल के एक पड़ोसी ने नौशाद को कहा कि एक नया पेट्रोल पंप खुला है दुकान खोल लो। यहां से हमलोग कर्ज लेकर दुकान खोलने के लिए रुपये दिए।

वहीं नौशाद के चाचा ने बताया कि नौशाद फरीदाबाद में काम करता था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। घर के लोग परेशान हैं कि वह कहां और किस हालात में कुछ पता नहीं चल रहा है। 18 मार्च को उसके पिता ने भी फरीदाबाद जाकर खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला है।

रिपोर्ट-संजीव कुमार, बिहार