भागलपुर। जेडीयू विधायक गोपाल मंडल समेत पांच पर बरारी थाने में जान मारने की नीयत से मारपीट करने व घर कब्जा करने का केस दर्ज हुआ है। हाउसिंग बोर्ड बरारी में रहनेवाले शिक्षक सुनील कुमार कुशवाहा ने थाने में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि 12 फरवरी और 22 फरवरी को दो बार विधायक समेत उनके समर्थकों ने घर पर आकर जानलेवा हमला किया।
शिक्षक ने कहा है कि मेरे सीने पर पिस्टल सटाकर विधायक ने जान मारने की धमकी दी। हमारे घर के दो किराएदारों को भी धमकी देकर खाली करवा दिया। विधायक ने धमकी दी है कि पूरे परिवार के साथ घर खाली कर यहां से चले जाओ, अन्यथा सबकी जान चली जाएगी। घर में गवाही देनेवाला कोई नहीं बचेगा। वहीं बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल ने केस दर्ज कर जांच अधिकारी तय कर दिया है।
क्या है मामला जानिए
सन्हौला में तैनात शिक्षक सुनील ने दिए आवेदन में कहा है कि हम अपने परिवार के साथ पिछले 13 साल से यहां घर बनाकर रह रहे हैं। 12 फरवरी की सुबह 10 बजे विधायक गोपाल मंडल और आदित्य कुमार सात अन्य लोगों के साथ हथियार लेकर मेरे घर आए। हमें गाली दी और सीने पर पिस्टल सटाकर घर खाली करने कहा। हमने डर से कुछ नहीं कहा। बाद में विधायक को सूचना दिलवाए कि हमसे क्या गलती हुई जो ऐसा कर रहे हैं। लेकिन बात नहीं बनी, दोबारा 22 फरवरी की सुबह 9 बजे फिर से विधायक मेरे घर पर आदित्य, उदयकांत सिंह, समरजीत कुमार उर्फ छोटू और धर्मेश कुमार समेत पांच लोगों के साथ हथियार लेकर आए। कहा घर से बाहर निकलो, वे लोग बोलने लगे कि चलो इसको लेकर बाहर, वहीं मरवा देंगे।
Image Source : india tvगोपाल मंडल पर बरारी थाने में FIR
उन लोगों ने मेरे साथ मारपीट की और कहा कि एमपी से लेकर एसपी, IG व अन्य अधिकारी के पास जाना है तो है जाओ। मेरा कुछ नहीं होगा। डर से हम लोग परेशान हैं कि कभी भी परिवार के साथ कुछ अप्रिय घटना न हो जाए।
मारपीट नहीं की, मेरे साढ़ू के बेटे की है जमीन
विधायक गोपाल मंडल ने बताया कि सुनील भी मेरा ही आदमी है। हम उसके घर पर मारपीट करने क्यों जाएंगे। हमने अपने साढ़ू के बेटे को जमीन मालिक से वह प्लॉट दिलवाकर एग्रीमेंट करवाया है। इसलिए खाली करने सुनील को बोले थे, इतनी ही तो बात है। मारपीट व धमकी देने की बात झूठी है। वहीं, सिटी SP शुभांक मिश्रा ने कहा कि बरारी थाने में अगर केस हुआ है तो जांच करवाएंगे। जांच पूरी होने के बाद नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अमरजीत सिंह, भागलपुर