गयाजीः बिहार में लगातार हो रही बारिश के कारण फल्गु नदी, मुहाने नदी समेत कई नदियां में अधिकतम जल स्तर की सीमा से ऊपर बहने के कारण गयाजी जिले के आधा दर्जन गांव के घरों में पानी घुसने लगा है। दर्जनों गांव के लोग पानी में फंसे हुए हैं। इस बात की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सभी लोगों को सुरक्षित निकाल रही है।
गयाजी की नदियां उफान पर
झारखंड राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश हो रही है। जिसके कारण सीमावर्ती जिला गयाजी में फल्गु नदी, झारखंड के वर्षा जल सीधे तौर पर आता है। इसके अलावा आज पूरे गया ज़िला में अत्यधिक बारिश भी हो रही है। लगभग सभी नदियां अपने अधिकतम जल स्तर की सीमा से 50-60 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। इसके कारण ज़िला में कई जगहों पर घरों में नदी का पानी ( नदी के किनारे बसे घरों में) प्रवेश करने की सूचना प्राप्त हो रही है।
इन गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
जानकारी के मुताबिक, शेरघाटी, बाके बाजार, मोहरा, शेरघाटी, बतसपुर एवं अन्य जगहों जहां पर लोगो के पानी से घिरने की सूचना प्राप्त हुई। सभी स्थानीय प्रशासन द्वारा वैसे जगहों से लोगो को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
Image Source : india tvगयाजी के आधा दर्जन गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
बाढ़ प्रभावित इलाकों में अधिकारी करें कैंप
ज़िला पदाधिकारी गया शशांक शुभंकर ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को वैसे सभी जगह पर कैंप करने का निर्देश दिया है। अब तक कहीं से कोई जान माल की क्षति की सूचना नहीं आई है। अगर कही से कोई सूचना आती है तो तुरंत ही लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखा जाएगा। साथ ही उन स्थानों पर तत्काल सामुद्रिक किचन लगाकर लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश ज़िला पदाधिकारी ने दिया है। कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण पदाधिकारी गया द्वारा भी ज़िले के सभी नदियों के जल स्तर का लगातार निगरानी रखी जा रही है। हर 2-2 घंटे पर जल स्तर मापा जा रहा है।
यहां देखें वीडियो
एसडीआरएफ की टीम तैनात
वहीं बोधगया के मुहाने नदी में जल स्तर बढ़ने से नदी के किनारे के इलाकों के घरों में पानी जा घुसा है। बतसपुर, घोघरीया, छाछ आदि गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। एसडीआरएफ की टीम की तैनाती की गई है ताकि कोई जान माल का नुकसान न हो।वहीं गया सदर एसडीओ किसलय श्रीवास्तव,बोधगया सीओ महेश कुमार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे है। SDRF की टीम के द्वारा पानी में फंसे लोगों को रेस्क्यू किया गया है। वहीं इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है।
रिपोर्ट- अजीत कुमार, गयाजी