बिहार के मुजफ्फरपुर में दिवाली से पहले शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है। बेला फेज-2 स्थित नारायणपुर इंडस्ट्रियल एरिया रोड से उत्पाद विभाग की टीम ने एक ट्रक से करीब 1200 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। जिस ट्रक से शराब की खेप मुजफ्फरपुर आ रही थी वो पंजाब नंबर का है। भारी मात्रा में बरामद शराब की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।
शराब तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए तस्करी का नया तरीका अपनाया था। ट्रक के ऊपर कागज और कॉटन के टुकड़ों से भरी बोरियां रखी गई थीं, जबकि नीचे शराब के कार्टन छिपाकर रखे गए थे। तस्करों को उम्मीद थी कि इस तरीके से शराब की खेप आसानी से अपने ठिकाने तक पहुंच जाएगी, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
1 करोड़ की विदेश शराब जब्त
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर के एक ट्रक से विदेशी शराब की बड़ी खेप मुजफ्फरपुर लाई जा रही है। सूचना के बाद एएसआई नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने बेला फेज-2 के नारायणपुर रोड में छापेमारी की, जहां सड़क किनारे एक संदिग्ध ट्रक खड़ा मिला। ट्रक चालक भी मौके पर मौजूद था।
कागज की बोरियों में छिपाकर लाई जा रही थी शराब
शुरुआत में चालक ने ट्रक में ट्रांसपोर्ट का सामान होने की बात कही। हालांकि, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने ट्रक में शराब होने की जानकारी दी। इसके बाद ट्रक का पिछला हिस्सा खुलवाया गया। अंदर कागज और कार्टन के टुकड़ों से भरी बोरियां रखी थीं। जब इन बोरियों को हटाया गया तो नीचे छिपाकर रखे गए शराब के कार्टन देखकर उत्पाद विभाग की टीम भी हैरान रह गई।
पंजाब से बिहार आ रही थी शराब
गिरफ्तार चालक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ जिले के खमानोल निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पंजाब से शराब की खेप लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचा था। यहां अलग-अलग जगहों पर शराब अनलोड की जानी थी। चालक के अनुसार, उसे बेला में ट्रक रोकने का निर्देश दिया गया था, जहां मुख्य शराब कारोबारी पहुंचकर ट्रक को अपने कब्जे में लेने वाला था। एक खेप पहुंचाने के बदले उसे 10 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंजाब नंबर के ट्रक को पकड़ा गया है। ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई है, जिसका मिलान कराया जा रहा है। चालक से पूछताछ कर स्थानीय शराब तस्करों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, शराब की खेप मंगाने वाले मुख्य धंधेबाज और स्थानीय तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
इनपुट: संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर, बिहार