A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बनेंगे सम्राट चौधरी, क्या आपको पता है अभी तक के सभी CMs के नाम?

बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बनेंगे सम्राट चौधरी, क्या आपको पता है अभी तक के सभी CMs के नाम?

सम्राट चौधरी 15 अप्रैल को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बनेंगे, और इसी के साथ सूबे में 'नीतीश युग' का अंत हो जाएगा। बता दें कि सम्राट बिहार के 24वें सीएम होंगे और यहां हम आपको सूबे के सभी 24 मुख्यमंत्रियों के नामों के बारे में बता रहे हैं।

Bihar all Chief Ministers list, Samrat Chaudhary 24th CM Bihar- India TV Hindi
Image Source : X/NITISHKUMAR/PTI डॉ. श्रीकृष्ण सिंह और सम्राट चौधरी।

पटना: बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बीजेपी नेता सम्राट चौधरी 15 अप्रैल को राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। इसके साथ ही JDU सुप्रीमो नीतीश कुमार का बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर लंबे राजनीतिक दौर का अंत हो जाएगा। BJP और NDA के विधायक दल ने सम्राट चौधरी को अपना नेता चुन लिया है। सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी जैसे नेताओं के साथ राजनीति की है और पिछले कुछ सालों में ही सूबे में बीजेपी के बड़े नेता बनकर उभरे हैं।

डॉ. श्रीकृष्ण सिंह थे सूबे के पहले मुख्यमंत्री

बिहार के पहले मुख्यमंत्री 'बिहार केसरी' डॉ. श्रीकृष्ण सिंह थे, जिन्हें श्री बाबू के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने 1947 से 1961 तक राज्य की कमान संभाली। उनके साथ डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में रहे। श्रीकृष्ण सिंह के कार्यकाल में बिहार में उद्योग, कृषि, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्रों में काफी विकास हुआ। वे आधुनिक बिहार के निर्माता माने जाते हैं, जिन्होंने औद्योगिक, सामाजिक और शैक्षिक सुधारों की नींव रखी।

बिहार में CM पद से जुड़े हैं ये दिलचस्प रिकॉर्ड

  • बिहार में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड नीतीश कुमार के नाम है। वह कुल 19 साल 236 दिन तक इस पद पर रहे।
  • वहीं, सबसे कम समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड सतीश प्रसाद सिंह के नाम है, जो सिर्फ 5 दिन (28 जनवरी 1968 से 1 फरवरी 1968) तक मुख्यमंत्री रहे।
  • सबसे कम उम्र में मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी सतीश प्रसाद सिंह के नाम है, जो 32 साल की उम्र में इस पद पर पहुंचे।
  • जबकि सबसे ज्यादा उम्र में मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड सत्येन्द्र नारायण सिन्हा के नाम है, जो 71 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने।

बिहार के सभी मुख्यमंत्रियों की सूची

बिहार में अब तक जिन नेताओं ने मुख्यमंत्री पद संभाला है, उनके नाम हैं:

  1. डॉ. श्रीकृष्ण सिंह
  2. दीप नारायण सिंह
  3. बिनोदानंद झा
  4. कृष्ण वल्लभ सहाय
  5. महामाया प्रसाद सिन्हा
  6. सतीश प्रसाद सिंह
  7. बिन्देश्वरी प्रसाद मंडल
  8. भोला पासवान शास्त्री
  9. हरिहर सिंह
  10. दरोगा प्रसाद राय
  11. कर्पूरी ठाकुर
  12. केदार पांडे
  13. अब्दुल गफूर
  14. जगन्नाथ मिश्र
  15. रामसुंदर दास
  16. चंद्रशेखर सिंह
  17. बिंदेश्वरी दुबे
  18. भागवत झा आजाद
  19. सत्येन्द्र नारायण सिन्हा
  20. लालू प्रसाद यादव
  21. राबड़ी देवी
  22. नीतीश कुमार
  23. जीतन राम मांझी
  24. सम्राट चौधरी

बिहार में हो रही नए दौर की शुरुआत

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही बिहार में एक नए राजनीतिक दौर की शुरुआत मानी जा रही है। वह सूबे में बीजेपी के पहले सीएम के रूप में 15 अप्रैल को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह अपने अनुभव और राजनीतिक शैली के दम पर राज्य को किस दिशा में ले जाते हैं।