बेगूसराय: अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। केंद्रीय कपड़ा मंत्री सिंह को डाक द्वारा भेजी गई एक चिट्ठी मिली जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। यह चिट्ठी उनके दिल्ली के ऑफिस में मिली। इसमें लिखा है-"You will be killed shortly by hardcore terrorists" और नीचे दो मोबाइल नंबर भी दर्ज हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुरुआती जांच में पत्र में लिखे नंबरों का तार कर्नाटक से जुड़ता दिख रहा है। सदर डीएसपी (प्रभारी) इमरान अहमद के अनुसार, मामले की तफ्तीश के लिए पुलिस टीम दिल्ली रवाना हो चुकी है।
निजी सचिव ने केस दर्ज कराया
धमकी की चिट्ठी मिलते ही गिरिराज सिंह के निजी सचिव (IAS) योगेंद्र सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के सचिव को आधिकारिक माध्यम से जानकारी दी। जिसमें बताया गया है कि 3 सितंबर को नई दिल्ली के नेताजी नगर स्थित जीपीओए-3 के कमरा नंबर 5605 में साधारण डाक के माध्यम से एक गुमनाम पत्र प्राप्त हुआ था। लिफाफे पर गिरिराज सिंह, वस्त्र मंत्री, उद्योग भवन, डॉ. मौलाना आजाद रोड, नई दिल्ली-110011 का पता लिखा हुआ था। लिफाफे के भीतर अंग्रेजी में एक ही लाइन टाइप की गई थी You will be killed shortly by hardcore terrorists.
4 सितंबर को दर्ज हुआ मामला
इस धमकी भरे संदेश के नीचे दो मोबाइल नंबर- 9666010152 और 8074731849 लिखे हुए थे। शुरुआती जांच में इन मोबाइल नंबरों का संबंध कर्नाटक राज्य के कोलार जिले के श्रीनिवासपुरा तालुका स्थित ग्राम इम्बाला निवासी नीतीश रेड्डी पिता- रामकृष्ण रेड्डी से सामने आया है। एसपी कार्यालय को केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव के पत्र की प्रति प्राप्त होने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर FIR दर्ज की गई। बेगूसराय के नगर थाना प्रभारी (SHO) सह पुलिस निरीक्षक सतीश कुमार हिमांशु ने अपने बयान पर बेगूसराय नगर थाना में 4 सितंबर को मामला दर्ज कराया है। जिसमें स्पष्ट किया कि केंद्रीय मंत्री की हत्या की साजिश रचना और जान से मारने की धमकी देना एक गंभीर व संज्ञेय अपराध है।
जांच अधिकारी दिल्ली रवाना
FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 55 (साजिश), 351(3) (जान से मारने की धमकी) और 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) जोड़ी गई हैं। मामला दर्ज करने के बाद केस जांच अधिकारी आज दिल्ली रवाना हुए हैं जहां से पत्र भेजा गया है उसकी जांच सहित अन्य जांच किया जाएगा। वहीं इस संबंध में प्रभारी सदर डीएसपी इमरान अहमद ने बताया कि मंत्री जी को धमकी भरा पत्र दिल्ली में मिला था , मंत्री के निजी सचिव की सूचना पर बेगूसराय नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच के लिए पुलिस टीएम दिल्ली रवाना हुई है । बताते चलें कि सितंबर 2024 में भी मंत्री के तत्कालीन सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर को पाकिस्तान से व्हाट्स एप काल करके जान से मारने की धमकी दी गई थी लेकिन उस मामले में भी अब तक कोई उपलब्धि हासिल नहीं हुई है।
रिपोर्ट- बेगूसराय से संतोष श्रीवास्तव
ये भी पढ़ें:
'अपन ब्याह नहीं, सुरदास की बरतुहारी', केजरीवाल के बंगाल दौरे पर गिरिराज सिंह का तंज, राहुल गांधी को भी घेरा