A
Hindi News बिहार बिहार: फिल्मी स्टाइल में 50 लाख की लूट, पुल पर घेरकर घटना को दिया अंजाम; आरोपी फरार

बिहार: फिल्मी स्टाइल में 50 लाख की लूट, पुल पर घेरकर घटना को दिया अंजाम; आरोपी फरार

जमुई में अपराधियों ने थाने से महज 100 मीटर दूर लूट की घटना को अंजाम दिया है। फिल्मी स्टाइल में उन्होंने पीड़ित को पुल पर घेरा और फिर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायल व्यापारी को अस्पताल में कराया गया भर्ती।- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT घायल व्यापारी को अस्पताल में कराया गया भर्ती।

जमुई: जिले में स्थित मलयपुर थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर एक व्यापारी से 50 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। यहां बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वह थाने के पास ही घटना को अंजाम देने से नहीं चूक रहे हैं। जानकारी के मुताबिक यह घटना जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग पर आंजन नदी पुल के पास की है। यहां शुक्रवार की रात 9 बजे आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी के पास से 50 लाख रुपये से भरे बैग को लूट लिया। वहीं घटना का विरोध करने पर आरोपियों ने पिस्टल के बट से पीड़ित के सिर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। 

व्यापारियों में दहशत का माहौल

घायल व्यवसायी की पहचान पुरानी बाजार निवासी बिक्रम कुमार सोनी उर्फ बिक्की के रूप में हुई है। वहीं घायल अवस्था में परिजनों ने पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां पीड़ित का इलाज किया जा रहा है। वहीं इस घटना के बादे से इलाके के अन्य व्यापारियों में भी दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी विश्वजीत दयाल भी मौके पर पहुंचे और जायजा लिए। इसके बाद वह देर रात 11 बजे सदर अस्पताल पहुंचे और यहां घायल व्यवसायी से घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही है। 

कैश लेकर जा रहे थे कोलकाता

घायल व्यवसायी ने बताया कि वह हमेशा कैश लेकर कोलकाता से सोने व चांदी के आभूषण लाते थे। सभी दुकानदारों का ऑर्डर लेकर वह कैश के साथ कोलकाता जाते थे। हमेशा की तरह शुक्रवार की रात भी वह अपनी बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उनके बैग में करीब 50 लाख रुपये कैश भी था। इसी दौरान पीछे से दो बाइक पर सवार बदमाश पीछा करते हुए उनकी बाइक रुकवाने लगे। उन्होंने बाइक नहीं रोकी, लेकिन तभी आंजन नदी के पुल के पास एक ऑटो सामने आ गया, जिससे बाइक रोकनी पड़ी। इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल के बट से सिर पर हमला कर 50 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया गया। इसके बाद सभी बदमाश जमुई की ओर फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं इस पूरी घटना पर एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि घटना की जानकारी पीड़ित व्यवसायी से ली गई है। गश्ती वाहन घटनास्थल से कुछ दूरी पर पतौना की ओर थी। अंधेरी रात और सुनसान जगह होने की वजह से बदमाशों द्वारा बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। घटना में दो बाइक और एक आटो के शामिल होने की जानकारी मिल रही है। चारों ओर वाहन जांच और पुलिस गश्ती लगा दी गई है। जल्द ही बदमाशों का पर्दाफाश कर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी। (इनपुट- अंजुम आलम)

यह भी पढ़ें-

कोचिंग संचालक ने छात्रा से किया दुष्कर्म, डरा-धमकाकर किया शोषण; परिजनों ने पूछा तो रो पड़ी पीड़िता

न्यू ईयर पर पत्नी ने कराई पति की हत्या, प्रेमी के साथ भाई को भी किया शामिल; तीनों गिरफ्तार