A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर: सामान लेने के बहाने दुकान में घुसे और गोलियों से भून डाला, किराना व्यापारी की बेरहमी से हत्या

मुजफ्फरपुर: सामान लेने के बहाने दुकान में घुसे और गोलियों से भून डाला, किराना व्यापारी की बेरहमी से हत्या

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक किराना व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

दुकान में घुसकर आरोपियों ने मारी गोली।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दुकान में घुसकर आरोपियों ने मारी गोली।

मुजफ्फरपुर: जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव जारी है। यहां बोचहा थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक किराना व्यवसायी को गोलियों से भून डाला। गोली लगने से व्यवसायी की मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गोली की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। राजू कृषि विभाग की ओर से किसान सम्मान से सम्मानित किए जा चुके हैं। कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सम्मानित कर चुके हैं।

दुकान में घुसकर मारी गोली

जानकारी के अनुसार, बोचहा थाना क्षेत्र के चकेलाल गांव में अपनी किराना दुकान पर राज कुमार चौधरी बैठे थे। इस दौरान बाइक सवार तीन अपराधियों ने दुकान में घुसते ही उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए SKMCH में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

लूटलाट के दौरान हत्या की आशंका

वहीं वारदात की सूचना मिलते ही बोचहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से कई खोखे बरामद किए हैं। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। घटना के बाद परिजनों को रो रो कर बुरा हाल बना हुआ है। प्रारंभिक जांच में लूटपाट के दौरान गोली मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।

सामान लेने के बहाने दुकान में घुसे

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि बोचहां में राजू चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी है। बाइक सवार तीन अपराधी दुकान पर पहुंचे और सामान लेने की बात की। इसके बाद उन्हें गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए SKMCH में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों से बयान लिया जा रहा है। घटना स्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है।

आरोपियों की तलाश जारी

उन्होंने बताया कि अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है। किराना के दुकान पर मृतक के पुत्र भी थे। घटना से पहले वह खाना खाने चले गए थे। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए बोचहा और आसपास के इलाकों में सघन नाकेबंदी की गई है। साथ ही संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस बाजार और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है। (इनपुट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

यूपी में मंदिर बनवा रहे संत की चाकू से गोद कर हत्या, शव मिलने से आक्रोश