A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. लखीसराय में बीच सड़क पर विजय सिन्हा और आरजेडी MLC के बीच तीखी नोंकझोक, हाई वोल्टेज ड्रामा का वीडियो आया सामने

लखीसराय में बीच सड़क पर विजय सिन्हा और आरजेडी MLC के बीच तीखी नोंकझोक, हाई वोल्टेज ड्रामा का वीडियो आया सामने

बिहार के लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा बीच सड़क पर आरजेडी एमएलसी अजय कुमार से भिड़ गए। दोनों नेताओं के बीच सड़क पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप हुए।

विजय सिन्हा और आरजेडी MLC के बीच हुई तीखी बहस - India TV Hindi
Image Source : PTI विजय सिन्हा और आरजेडी MLC के बीच हुई तीखी बहस

लखीसरायः बिहार के लखीसराय में वोटिंग के दौरान जमकर हंगामा हुआ। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और आरजेडी MLC अजय कुमार सिंह के बीच हुई तीखी नोंकझोंक हुई। विजय सिन्हा ने कहा कि हम आ रहे थे तो आरजेडी नेता ने अपनी गाड़ी हमारे सामने खड़ी कर दी, इसलिए हमने गाड़ी रोक दी। अजय कुमार सिंह ने शराब पी रखी है। मुंह से शराब की बदबू आ रही है। वह बकवास कर रहे हैं।  MLC अजय कुमार सिंह नदियावां में बूथ कैप्चरिंग करने गए थे। जब उन्हें पता चला कि हम आ रहे हैं, तो वह भाग गए..."।

बीच सड़क पर भिड़े बीजेपी और आरजेडी के नेता

जानकारी के मुताबिक, विजय सिन्हा बीच सड़क पर आरजेडी एमएलसी अजय कुमार से भिड़ गए। दोनों नेताओं के बीच सड़क पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप हुए। मीडियाकर्मियों की मौजूदगी में दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। विजय सिन्हा ने आरजेडी एमएलसी पर बार-बार नशे में होने और मतदान केंद्र पर हंगामा करने का आरोप लगाया। वहीं अजय कुमार ने सिन्हा को डरा हुआ कहा। अजय वे कहा कि सिन्हा को पता है कि वह चुनाव हार जाएंगे।

अजय कुमार सिंह ने विजय सिन्हा पर गंभीर आरोप

बीजेपी नेता के आरोपों का जवाब देते हुए एमएलसी अजय कुमार सिंह ने कहा कि विजय सिन्हा के लोगों ने हमारी गाड़ी रोकी और गुंडागर्दी की। चुनाव हारने के कारण वे हताश हैं। विजय सिन्हा का अध्याय समाप्त हो चुका है। उन पर हमला नहीं हुआ। वे कई दिनों से यह नाटक रचने की कोशिश कर रहे थे..."।

विजय सिन्हा ने अजय कुमार को शराबी कहा

अजय कुमार ने विजय सिन्हा पर 'अपराधी' होने का आरोप लगाया और कहा कि वह मतदाताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि विजय सिन्हा ने पलटवार करते हुए अजय कुमार को 'असफल नेता' और 'शराबी' कहा।

जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई

इसके बाद राजद एमएलसी अजय सिंह लखीसराय के कबैया थाने अपना अल्कोहल टेस्ट कराने पहुंचे हैं। एक्साइज डिपार्टमेंट के लोग ब्रेथ अन्यालीज़र मशीन लेकर पहुंचे। हालांकि जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई।

विजय सिन्हा के काफिले पर हमला

इससे पहले विजय सिन्हा के निर्वाचन क्षेत्र लखीसराय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कथित तौर पर उनके काफिले पर चप्पल और पत्थर फेंके गए। आरोप है कि लखीसराय से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा जब अपने निर्वाचन क्षेत्र के खोरियारी गांव में थे तो आरजेडी समर्थकों ने उनकी गाड़ी घेर ली, चप्पलें फेंकी, पत्थर और गोबर फेंका और "मुर्दाबाद" के नारे लगाए। घटना के बाद उपमुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक से फ़ोन पर बात की।