1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में पिता पर बेटे और बहू को तलवार से घायल करने का आरोप, दोनों अस्पताल में भर्ती

पटना में पिता पर बेटे और बहू को तलवार से घायल करने का आरोप, दोनों अस्पताल में भर्ती

बिहार की राजधानी पटना में पारिवारिक कलह का एक बेहद दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू विवाद के दौरान पिता द्वारा अपने ही बेटे और बहू पर तलवार से हमला कर दिया गया। जानें क्या है पूरा मामला।

पटना में पिता पर बेटे और बहू को तलवार से घायल करने का आरोप, दोनों अस्पताल में भर्ती- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पटना में पिता पर बेटे और बहू को तलवार से घायल करने का आरोप, दोनों अस्पताल में भर्ती

बिहार की राजधानी पटना में घरेलू विवाद के दौरान पिता द्वारा अपने ही बेटे और बहू पर तलवार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए हैं। घायलों की पहचान राजेश सिंह (लगभग 40 वर्ष) और उनकी पत्नी निक्की देवी (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों का इलाज विजय नगर, कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के उदाहमपुर इलाके की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, करीब 70 वर्षीय कृष्णा सिंह पर अपने बेटे राजेश सिंह और बहू निक्की देवी पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटना से पहले क्या हुआ था, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घायल राजेश सिंह ने अपनी आपबीती बताते हुए दावा किया कि शनिवार सुबह वह अपनी पत्नी के साथ सो रहे थे। इसी दौरान उनके पिता तलवार लेकर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। राजेश के अनुसार, इस घटना में वह और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दो भाई हैं, पिता ने कर दिया था बंटवारा
घायल बेटे राजेश सिंह ने बताया कि उनके पिता कृष्णा सिंह अकेले रहते हैं और वे दो भाई हैं। राजेश के मुताबिक, उनके पिता दोनों भाइयों के बीच बंटवारा कर चुके हैं। इसके बावजूद शनिवार सुबह अचानक तलवार लेकर हमला किए जाने की घटना हुई। हालांकि, बंटवारे और कथित हमले के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एसडीपीओ शिव शंकर कुमार ने दी जानकारी
पटना सिटी के एसडीपीओ शिव शंकर कुमार ने बताया कि घरेलू विवाद में पिता द्वारा बेटे और बहू पर तेज हथियार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना में दोनों घायल हुए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। घायल बेटे द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जानी है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है। अब सवाल यह है कि आखिर घरेलू विवाद की वजह क्या थी और मामला इस हद तक कैसे पहुंच गया। घटना के वास्तविक कारणों और संबंधित लोगों की भूमिका के बारे में पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

(Report-Bitu kumar)