A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सीएम सम्राट चौधरी से मिले अनंत सिंह, मोकामा के लिए मांगा बड़ा अस्पताल, बताया मुख्यमंत्री से क्या बात हुई

सीएम सम्राट चौधरी से मिले अनंत सिंह, मोकामा के लिए मांगा बड़ा अस्पताल, बताया मुख्यमंत्री से क्या बात हुई

जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है और अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए अस्पताल की मांग की है। उन्होंने कहा कि अब आगे से वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।

सीएम सम्राट चौधरी से मिले अनंत सिंह- India TV Hindi
Image Source : PTI सीएम सम्राट चौधरी और अनंत सिंह। फाइल

पटनाः मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। सीएम से मुलाकात के बाद अनंत सिंह ने कहा कि मैंने सम्राट चौधरी को बधाई दी। मैंने मोकामा इलाके के लिए एक अस्पताल की मांग की। अनंत सिंह ने कहा कि मैंने सीएम से कहा कि आप मोकामा के लिए एक ऐसा बढ़ियां अस्पताल बना दें, जिससे लोगों को बार-बार इलाज के लिए पटना न आना पड़े। पटना आने से लोगों को भाड़ा किराया खर्च करना पड़ता है और परेशानी भी लोगों को होती है। सीएम ने उन्हें अस्पताल बनाने का भरोसा दिलाया है। 

निशांत कुमार को लेकर कही ये बात

अनंत सिंह ने बताया कि मैंने सीएम से कहा कि अब मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। मैं पिछली बार ही अपना आखिरी चुनाव लड़ चुका हूं। मेरा बेटा भी राजनीति में आएगा लेकिन अगर उसका मन ही न हो, तो मैं क्या कर सकता हूं। नीतीश कुमार के बेटे के डिप्टी सीएम न बनने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें (निशांत कुमार को) ऐसा लगा कि वह पहले सीखना चाहते हैं। लेकिन जनता चाहती थी कि उन्हें कोई पद मिले। 

जेडीयू विधायक ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव का नाम लेने का भी कोई फ़ायदा नहीं है... हम उनके बारे में सिर्फ़ इसलिए बात करते हैं क्योंकि वह लालू यादव के बेटे हैं। अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में शराबबंदी हट जानी चाहिए। यहां शराब बिकनी चाहिए।" उन्होंने कहा कि बिहार में लोग चोरी छुपे शराब पी भी रहे हैं। 

नेतृत्व परिवर्तन का किया था स्वागत

इससे पहले अनंत सिंह ने बिहार में नेतृत्व परिवर्तन का स्वागत किया था। पत्रकारों से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि अच्छा काम होगा। नीतीश जी जो भी आदेश देंगे, वह होता रहेगा। बता दें कि अभी हाल में ही नीतीश कुमार ने सीएम पद से इस्तीफा दिया था। नीतीश कुमार पिछले 21 वर्षों से मुख्यमंत्री पद पर थे। उन्होंने 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।