1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जहानाबाद में टोल प्लाजा पर बवाल, फायरिंग में दो युवकों को लगी गोली, भारी पुलिस बल तैनात

जहानाबाद में टोल प्लाजा पर बवाल, फायरिंग में दो युवकों को लगी गोली, भारी पुलिस बल तैनात

जहानाबाद में टोल प्लाजा पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां फायरिंग की घटना में दो युवकों को गोली लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

toll plaza- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT टोल प्लाजा पर हिंसक झड़प

 जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद में टोर प्लाजा पर बवाल और फायरिंग की खबर है। जहानाबाद में एनएच-22 पर स्थित टोल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बताया जाता है कि विवाद इतना बढ़ गया कि टोल प्लाजा पर तैनात गार्ड ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में दो युवकों के घायल होने की खबर है। वहीं एक युवक मारपीट में जख्मी हो गया। 

सेरथुआ टोल प्लाजा की घटना

जानकारी के मुताबिक यह घटना टेहटा थाना क्षेत्र के सेरथुआ टोल प्लाजा के पास की है। घायल युवकों की पहचान उमराईबिगहा गांव निवासी ​विकास कुमार और रोहित कुमार के रूप में की गई है जबकि एक अन्य युवक आदित्य कुमार बताया जाता है। विकास और रोहित दोनों को गोली का छर्रा लगा है। जबकि आदित्य कुमार मारपीट में जख्मी हो गया है।

बारात ले जाने के दौरान विवाद

घटना के संबंध में घायल युवक ने बताया कि वह अपने गांव से बारात लेकर जा रहे थे। टोल प्लाजा के पास डीजे की धुन पर नाचने के दौरान टोल कर्मियों से उनकी कहा-सुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच आरोप है कि टोल कर्मियों के गार्ड ने अपनी बंदूक से फायरिंग कर दी। ​

घटना के बाद तीनों घायलों को आनन फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं डॉक्टर ने बताया कि दो युवकों को गोली लगी है जिनका इलाज किया जा रहा है। 

मौके पर भारी पुलिसबल तैनात

इधर, ​घटना की सूचना मिलते ही एएसपी मनोज कुमार पांडेय, सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी और घोसी एसडीपीओ संजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और ​पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गार्ड की लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली है। इस दौरान पुलिस ने ​पास के गांव उमराई बिगहा में भी छापेमारी की। ​एएसपी ने बताया कि टोल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच पहले भी विवाद की बात सामने आई है।  फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

रिपोर्ट-मुकेश, जहानाबाद