A
Hindi News बिहार बिहार: पानी भरे ग्लास में उंगली डुबोई, रंग बदला और हो गया गिरफ्तार, लाखों रुपये के घूसखोर कर्मचारी का LIVE टेस्ट-VIDEO

बिहार: पानी भरे ग्लास में उंगली डुबोई, रंग बदला और हो गया गिरफ्तार, लाखों रुपये के घूसखोर कर्मचारी का LIVE टेस्ट-VIDEO

ओवेस अंसारी ने परिमार्जन के लिए अंचल अधिकारी को आवेदन दिया था। इसके बाद उन्हें राजस्व कर्मचारी के पास भेजा गया। जहां राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान ने लाखों रुपए घुस की मांग की। वहीं, अब घूसखोर अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

घूसखोर अधिकारी का LIVE टेस्ट- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT घूसखोर अधिकारी का LIVE टेस्ट

बिहार में निगरानी विभाग की टीम के द्वारा लगातार घूसखोर अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है। उसी क्रम में मंगलवार को किशनगंज सदर प्रखंड में कार्यरत राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान को पटना से पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने 2 लाख 50 हजार रुपए घुस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। राजस्व कर्मचारी को निगरानी की टीम ने लगभग 1 किलोमीटर खदेड़ कर पकड़ा। 

लाइव डेमो के जरिए किया गया साबित

यही नहीं घूसखोर कर्मी ने मौके पर जुटी भीड़ का फायदा भी उठाने की कोशिश की और घुस लेने की बात से इनकार करता रहा। इसके बाद मौके पर ही निगरानी के अधिकारियों ने लाइव डेमो के जरिए यह साबित किया कि इन्होंने रुपए लिए हैं। टीम के द्वारा पानी भरे ग्लास में राजदीप पासवान का हाथ धुलवाया गया। उनकी सारी चालाकी धरी की धरी रह गई। 

जानिए कैसे होता है ये टेस्ट

बता दें कि निगरानी विभाग से जब कोई शिकायत करता है तो उसे विभाग द्वारा ही राशि उपलब्ध करवाई जाती है, जिसमें एक खास तरह का केमिकल पूर्व से ही लगा दिया जाता है ताकि अगर कोई रुपया फेक कर चालाकी दिखाए तो भी बच नहीं सके। कुछ ऐसा ही यहां भी हुआ जब पानी से भरे ग्लास में राजदीप का हाथ डुबाया गया तो पानी का रंग नीला हो गया। 

2 लाख 50 हजार रुपए की मांगी गई घूस

मालूम हो कि खगड़ा निवासी ओवेस अंसारी ने निगरानी विभाग को यह शिकायत की थी कि जमीन परिमार्जन के नाम पर राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान के द्वारा 2 लाख 50 हजार रुपए की मांग की जा रही है। इसके बाद निगरानी विभाग की टीम के द्वारा मामले की जांच की गई और मामला सही पाए जाने के बाद मंगलवार को जाल बिछा कर प्रखंड कार्यालय के निकट स्थित अभिषेक होटल से घुस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ घूसखोर अधिकारी

निगरानी टीम के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि वादी ओवेस अंसारी ने परिमार्जन के लिए अंचल अधिकारी को आवेदन दिया था। इसके बाद उन्हें राजस्व कर्मचारी के पास भेजा गया। जहां राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान ने लाखो रुपए घुस की मांग की। बाद में 2 लाख 50 हजार रुपए में ये मामला तय हुआ। आज सात सदस्यीय टीम के द्वारा कारवाई करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। राजस्व कर्मचारी की गिरफ्तारी के बाद कर्मियों में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग की टीम घूसखोर कर्मचारी को पटना ले जाने की तैयारी में जुटी हुई है।

राजेश दूबे की रिपोर्ट