1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पत्नी ने रची विदेश से लौटे पति के हत्या की साजिश, 10 साल छोटे बॉयफ्रेंड संग मिलकर उतारा मौत के घाट, दोनों गिरफ्तार

पत्नी ने रची विदेश से लौटे पति के हत्या की साजिश, 10 साल छोटे बॉयफ्रेंड संग मिलकर उतारा मौत के घाट, दोनों गिरफ्तार

पुलिस की टीम ने कॉल रिकॉर्ड के माध्यम से हत्या की गुत्थी सुलझाई। हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिहार के किशनगंज के विशनपुर थाना क्षेत्र में हुए रिजवान आलम हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस पत्नी ने पति की हत्या के बाद सबसे ज्यादा मातम मनाया और चोरी की कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। डेजी परवीन ही इस पूरे हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली। उसने अपने बॉयफ्रेंड अनवर हुसैन के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। 

लोहे के रॉड से हमला कर की हत्या

बॉयफ्रेंड अनवर डेजी परवीन से उम्र में करीब 10 साल छोटा है। बीते 4 जुलाई की रात रिजवान आलम की उनके घर में लोहे के रॉड से वार कर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद मृतक के पिता के बयान पर विशनपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था।

दो महीने पहले कुवैत से लौटा था मृतक रिजवान

मृतक रिजवान कुवैत में रहता था। दो महीने पहले ही वह घर लौट था। इसके बाद डेजी परवीन और अनवर को मिलने में कठिनाई हो रही थी। आरोपी अनवर हुसैन ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि डेजी परवीन अपने पति के हत्या का दबाव बना रही थी। 

क्योंकि रिजवान के वापस आने के बाद दोनों मिल नहीं पा रहे थे। इसके बाद लोहे का रॉड लेकर तय समय पर अनवर घर पहुंचा और सोई अवस्था में ही रिजवान को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस ने खंगाली कॉल रिकॉर्ड

इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निदेश पर एसडीपीओ खुसरू शिराज के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा मृतक की पत्नी डेजी परवीन के कॉल रिकॉर्ड को खंगाला गया।

दोनों के बीच 9 साल से प्रेम संबंध

कॉल रिकॉर्ड एवं डेजी परवीन द्वारा बार-बार बयान बदलने पर पुलिस का शक गहरा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी डेजी परवीन का अनवर हुसैन से करीब 9 साल से प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर रिजवान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 

हत्या करने के बाद कमरे को अस्त-व्यस्त कर दिया

वारदात की रात पत्नी ने घर का दरवाजा खुला छोड़ दिया और बॉयफ्रेंड को अंदर बुलाया। गहरी नींद में सो रहे रिजवान पर लोहे के रॉड से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद कमरे को अस्त-व्यस्त कर ऐसा माहौल बनाया गया, मानो चोरों ने वारदात को अंजाम दिया हो। मृतक का मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल रॉड भी ठिकाने लगा दिए गए, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले। 

हत्या में इस्तेमाल रॉड और मोबाइल फोन बरामद

प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल रॉड और दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए। उन्होंने कहा कि दोनों ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

राजेश दुबे की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

प्रेमिका से मिलने आए युवक ने भाई को मारी गोली, छत से गिरकर प्रेमी युवक की मौत, युवती का भाई जख्मी

बेटे ने इंटरकास्ट मैरिज की तो ससुरालियों ने पिता का कर कर दिया मर्डर, यमुनानगर की झाड़ियों में मिला शव