बिहार के मधुबनी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के सरिसब गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रही महिलाओं को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। हादसे में तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रीता देवी, किरण देवी और फूलदाई देवी के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं नवटोली-धकजरी गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं।
टहलने के बाद महिलाएं लौट रही थीं घर
बताया जा रहा है कि करीब छह महिलाओं का समूह रोजाना की तरह सोमवार सुबह भी मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। सभी महिलाएं टहलने के बाद घर लौट रही थीं और बेनीपट्टी स्टेट हाईवे पर सड़क किनारे चल रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर महिलाओं को रौंदते हुए निकल गई।अचानक हुए हादसे में महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तीन महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
गुस्साए लोगों ने सड़क किया जाम
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तीन महिलाओं की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों के विरोध के चलते पुलिस को शवों को घटनास्थल से हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एक किलोमीटर लगा लंबा जाम
सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों तरफ एक किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई। मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए बेनीपट्टी और अरेर थाना की पुलिस पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस-प्रशासन ने परिजनों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। पुलिस ने दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया है, जबकि एक मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे के बाद धकजरी और नवटोली गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
राघव मिश्रा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
शराबबंदी वाले बिहार में नशेड़ी कार सवारों ने मचाया उत्पात, कई वाहनों को मारी टक्कर; भीड़ ने की पिटाई