1. Hindi News
  2. बिहार
  3. कैमूर के मोहनिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, करीब 90 लाख की विदेशी शराब जब्त

कैमूर के मोहनिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, करीब 90 लाख की विदेशी शराब जब्त

बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए प्रशासनिक अमला लगातार मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में कैमूर जिले के मोहनिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब की एक बड़ी खेप को जब्त किया है।

कैमूर के मोहनिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, करीब 90 लाख की विदेशी शराब जब्त- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कैमूर के मोहनिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, करीब 90 लाख की विदेशी शराब जब्त

बिहार के कैमूर जिले में उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां मोहनिया समेकित चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध तस्करी के लिए लाई जा रही शराब को जब्त किया है। उत्पाद विभाग की टीम ने मोहनिया चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चप्पल की कटिंग की आड़ में तस्करी कर लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप को पकड़ने में सफलता हासिल की है। जब्त की गई शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 80 से 90 लाख रुपये आंका गया है। इस कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है।

मोहनिया चेकपोस्ट प्रभारी ने कही ये बात
इस कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए मोहनिया चेकपोस्ट प्रभारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि चंडीगढ़ से बिहार में शराब की एक बहुत बड़ी खेप लाए जाने की संभावना है। सूचक द्वारा बताए गए वाहन नंबर के आधार पर विभाग ने विशेष रणनीति बनाई। छज्जू पोखर से ही कुछ कर्मचारियों को सिविल ड्रेस में निगरानी के लिए लगाया गया था, जबकि बाकी स्टाफ चेकपोस्ट पर पूरी तत्परता के साथ वाहनों की जांच कर रहा था। इसी क्रम में जब संबंधित वाहन चेकपोस्ट पर पहुंचा, तो टीम द्वारा उसे रोक लिया गया। वाहन चालक द्वारा माल से संबंधित कोई भी बिल्टी या वैध कागजात नहीं दिखाए गए। इसके बाद उत्पाद विभाग के स्टाफ और स्कैनर की मदद से गाड़ी की गहन जांच की गई। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गाड़ी में चप्पल की कटिंग के नीचे छुपाकर विदेशी शराब की पेटियां रखी गई थीं।


 
गाड़ी में थी 701 पेटियां
चेकपोस्ट प्रभारी के अनुसार, तलाशी में कुल 701 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई है, जो लीटर के हिसाब से कुल 6218 लीटर और 640 मिलीलीटर है। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम नग्गा राम बताया है और वह राजस्थान का रहने वाला है। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है और इस बात की जांच-पड़ताल में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप बिहार में किस स्थान पर पहुंचाई जा रही थी।

(Report: मुकुल जायसवाल )