A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना एयरपोर्ट पर कारतूस के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार, भेजा जेल

पटना एयरपोर्ट पर कारतूस के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार, भेजा जेल

बिहार के पटना एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति के पास से दो कारतूस बरामद हुईं। पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सकता, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कारतूस के साथ संदिग्ध गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE कारतूस के साथ संदिग्ध गिरफ्तार।

पटना: राजधानी पटना में एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति को कारतूस के साथ पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट से यात्रा करने के लिए पटना एयरपोर्ट पर पहुंचा था। एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों ने उक्त व्यक्ति से कारतूस रखने के बारे में सवाल किया, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इसके बाद उसे एयरपोर्ट पुलिस थाने को सौंप दिया गया। वहीं संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।

हैदराबाद जा रहा था शख्स

दरअसल, बुधवार को एक व्यक्ति को पटना एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट से यात्रा करने के लिए पटना एयरपोर्ट पर गया था। इस बीच पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान इस व्यक्ति के सामान से दो कारतूस बरामद की गई। इसके बाद इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। संदिग्ध की पहचान बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर निवासी मोहम्मद राशिद के रूप में हुई है।

नहीं दे सका संतोषजनक जवाब

वहीं मामले के बारे में हवाई अड्डा पुलिस थाना प्रभारी संतोष कुमार ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया, ‘‘जांच प्रक्रिया के दौरान बुधवार शाम को सुरक्षाकर्मियों को उसके सामान में दो कारतूस मिले। चूंकि वह कारतूस ले जाने का संतोषजनक कारण नहीं बता सका, इसलिए उसे हवाई अड्डा पुलिस थाने को सौंप दिया गया।’’ थाना प्रभारी ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान राशिद हमारे सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और उसने ऐसा जताया कि उसे अपने सामान में कारतूस होने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि बाद में राशिद को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। (इनपुट- पीटीआई)