1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुर्गा चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या, लीची बगान में फेंका शव

मुर्गा चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या, लीची बगान में फेंका शव

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक का शव लीची बगान में मिला। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

लीची बगान में मिला युवक का शव।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT लीची बगान में मिला युवक का शव।

मुजफ्फरपुर: जिले में एक चौकाने वाली घटना सामने आई है, जहां महज एक मुर्गा चोरी के आरोप में एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है। यह सनसनीखेज वारदात रामपुर हरि थाना क्षेत्र कोईली गांव की बताई जा रही है, जहां 40 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मुर्गा चोरी के आरोप में युवक को मौत के घाट उतारा गया। मृतक की पहचान संजय साहनी के रूप में हुई है, जिसे उसके ही पड़ोसी और मुर्गी फार्म संचालक द्वारा जान से मार दिया गया। 

परिजनों ने किया हंगामा

सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वहीं मृतक की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। वहीं घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं पुलिस की टीम ने किसी तरह से समझा बुझाकर मामला शांत कराया।

बेरहमी से की पिटाई

युवक के बहनोई राहुल ने बताया कि आरोपी ने युवक को मुर्गी फार्म पर बुलाया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की। साक्ष्य छुपाने के लिए उसके शव को लीची बगान में फेंक दिया। मृतक की पत्नी ने बताया कि मेरे पति रोज की तरह शौच के लिए घर से निकले थे। थोड़ी देर बाद ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनकी लाश गांव के एक बगीचे में मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी और मुर्गा फार्म के मालिक व उसके स्टाफ ने लाठी-डंडे से पीट कर उनकी हत्या की। परिजनों ने इसे पुरानी दुश्मनी का नतीजा बताया है।

जांच में जुटी पुलिस

मामले में एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि कोयली गांव में संजय साहनी पर मुर्गा चोरी का आरोप लगाकर कुछ ग्रामीणों द्वारा मारपीट की गई। इस घटना में उसकी मौत हो गई। स्थानीय थाना को सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। (इनपुट- संजीव कुमार)