1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के समस्तीपुर में दुर्गा पूजा के मेले में फायरिंग, युवक को लगी गोली

बिहार के समस्तीपुर में दुर्गा पूजा के मेले में फायरिंग, युवक को लगी गोली

बिहार के समस्तीपुर में दुर्गा पूजा के मेले में फायरिंग का मामला सामने आया है। गोली लगने से युवक घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

अस्पताल में इजारत छात्र और जांच करती पुलिस- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अस्पताल में इजारत छात्र और जांच करती पुलिस

बिहार के समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचरुखी में दुर्गा पूजा के मेले के दौरान आपसी विवाद में फायरिंग की घटना सामने आई है। गोली लगने से एक युवक जख्मी हो गया। गोली युवक के पेट में लगी है। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जख्मी युवक को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए समस्तीपुर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, जख्मी युवक की पहचान विवेक कुमार उर्फ ऋषभ, पिता संजीत राय, वार्ड संख्या-14 के रूप में हुई है जोकि BSC नर्सिंग का छात्र है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की तफ्तीश में जुटी है। फिलहाल, फायरिंग के कारणों और घटना में शामिल लोगों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।  

पटना में दुर्गा पूजा पंडाल के पास युवक को मारी गोली 

इससे पहले पटना में दुर्गा पूजा पंडाल के पास हुए एक विवाद के दौरान विजय नाम का एक युवक कथित तौर पर गोली लगने से घायल हो गया। यह घटना तब हुई जब वह दुर्गा पूजा कार्यक्रम में प्रसाद बांट रहा था। पुलिस को दिए अपने बयान में विजय ने बताया कि उसी इलाके में रहने वाला धर्मेंद्र दास, अपने चार-पांच साथियों के साथ वहां पहुंचा। इसके बाद दोनों गुटों के बीच विवाद हो गया। विजय ने पुलिस को बताया कि बहस हाथापाई में बदल गई, जिसके बाद हमलावरों में से एक ने पिस्तौल से गोली चला दी। गोली उसके हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। 

घटना के विवरण के अनुसार, मौके पर करीब चार राउंड फायरिंग हुई। गोलियों की आवाज सुनकर पूजा पंडाल के पास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर एयरपोर्ट पुलिस मौके पर पहुंची और विजय को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत स्थिर है।

मुजफ्फरपुर में युवक की हत्या

इससे पहले अभी हाल में ही मुजफ्फरपुर जिले में मोटरसाइकिल से एक बच्चे को टक्कर लगने के बाद करीब 15 लोगों ने एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद भीड़ ने एक बस्ती में उत्पात मचाया और नौ मकानों में आग लगा दी थी।  

 

रिपोर्ट- सुनील कुमार

ये भी पढ़ेंः मोतिहारी में शर्मनाक वारदात! दुर्गा पूजा देखकर लौट रहे दंपति पर हमला, महिला से सामूहिक दुष्कर्म; 8 गिरफ्तार