1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नवादा में मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश , भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद, एक हथियार तस्कर गिरफ्तार

नवादा में मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश , भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद, एक हथियार तस्कर गिरफ्तार

बिहार के नवादा जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के आधुनिक उपकरण और कारतूस बरामद किए हैं।

नवादा में मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश , भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद- India TV Hindi
नवादा में मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश , भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद

बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के बनगंगा गांव में नवादा जिला बल और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, उपकरण, लोहे के पाइप और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मौके से विनेश विश्वकर्मा उर्फ बिंदी मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध हथियार निर्माण से जुड़े नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है।

गुप्त सूचना पर हुई छापमेरी 
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब आठ बजे गुप्त सूचना मिली थी कि नारदीगंज थाना क्षेत्र के बनगंगा गांव में दिलीप विश्वकर्मा और उसके पिता विनेश विश्वकर्मा उर्फ बिंदी मिस्त्री के घर में अवैध रूप से हथियार बनाने का काम किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसका सत्यापन किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सशस्त्र बल और एसटीएफ की संयुक्त टीम गठित कर संबंधित घर में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान घर के विभिन्न कमरों में छिपाकर रखे गए हथियार निर्माण के उपकरण और अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने 30 लोहे की रेती, छह हथौड़े, दो ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीनें, चार बेंच वाइस मशीन, एक इलेक्ट्रिक वेल्डिंग मशीन, सात लोहे की सरसी, 15 सांचे और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

इसके अलावा देशी बंदूक के छोटे-बड़े नौ नाल, चार अलग-अलग देशी बंदूक के नाल, देशी कट्टे की दो अर्धनिर्मित बॉडी एवं बट, एक देशी कट्टा और हथियारों की नाल बनाने में इस्तेमाल होने वाले 20 लोहे के पाइप भी बरामद किए गए हैं। मौके से चार जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। सदर डीएसपी टू राहुल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। गिरफ्तार विनेश विश्वकर्मा उर्फ बिंदी मिस्त्री के खिलाफ पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मामले में हथियार निर्माण और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

(रिपोर्ट - शैलेश कुमार सिंह)