1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भौकाल के लिए कट्टा से काटा केक, वीडियो वायरल होने पर दो नाबालिग धराए; एक फरार

भौकाल के लिए कट्टा से काटा केक, वीडियो वायरल होने पर दो नाबालिग धराए; एक फरार

बिहार के मुजफ्फरनगर में वायरल होने और भौकाल जमाने के लिए छात्रों ने कट्टा से केट काटा। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो को पकड़ लिया है। वहीं कट्टा उपलब्ध कराने वाला आरोपी अभी भी फरार है।

वायरल होने के लिए कट्टे से काटा केट।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT वायरल होने के लिए कट्टे से काटा केट।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए रंगाबाजी दिखाने का एक और वीडियो चर्चा में है। दरअसल, यहां दोस्तों के बीच रौब जमाने के लिए 9वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर देसी कट्टा से केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान उसने केक काटते हुए वीडियो भी बनाया। छात्र ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया, जो कि उसे महंगा पड़ गया। पुलिस ने मधुबन कांटी ढाब में छापेमारी कर कट्टा से केक काटने के आरोप में दो किशोरों को धर को दबोचा। उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। वहीं, कट्टा उपलब्ध कराने वाला आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है।

भौकाल जमाने के लिए बनाया वीडियो

जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने अपने जन्मदिन पर दोस्तों को बुलाया था। सभी के पहुंचने के बाद बाइक की पिछली सीट पर केक रखा गया। इसके बाद देसी कट्टा से केक काटा गया। इस पूरी गतिविधि का वीडियो बनाया गया था। बताया जाता है कि दोस्तों के बीच भौकाल बनाने के लिए इस तरह जन्मदिन मनाया गया। कट्टा से केक काटते वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाला गया था।10 अक्टूबर का बताया जा रहा वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स ने बताया कि पानापुर ओपी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जामिन मठिया घाट के पास कुछ छात्र देसी कट्टा लेकर जन्मदिन मना रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया। उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हथियार के स्रोत का पता लगा रही पुलिस

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नाबालिगों तक देसी कट्टा कैसे पहुंचा और इसे किसने उपलब्ध कराया। हथियार देने का आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना ने नाबालिगों के बीच हथियारों के इस्तेमाल और सोशल मीडिया पर रौब दिखाने की प्रवृत्ति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हथियार के स्रोत और अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा। (इनपुट- संजीव कुमार)

 

यह भी पढ़ें-

सालगिरह का केक काटने के बाद घर में मचा कोहराम! महिला ने 14 माह की बच्ची को फेंकने के बाद छत से लगा दी छलांग, हुई मौत