1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में पूर्व वार्ड पार्षद के घर अंधाधुंध फायरिंग, CCTV में बाइक पर सवार दो बदमाश दिखे

मुजफ्फरपुर में पूर्व वार्ड पार्षद के घर अंधाधुंध फायरिंग, CCTV में बाइक पर सवार दो बदमाश दिखे

मुजफ्फरपुर में देर रात पूर्व वार्ड पार्षद के घर पर अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में दहशत पैदा हो गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की।

कार पर गोली का निशान...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER कार पर गोली का निशान दिखाता युवक

मुजफ्फरपुर में देर रात अपराधियो ने पूर्व पार्षद के घर को निशाना बनाया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र मे बेखौफ अपराधियों ने नगर निगम के वार्ड नंबर 17 की पूर्व वार्ड पार्षद राखी देवी के आवास को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई। इस गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया है। 

घटना देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो  खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

कार के शीशे और शटर पर मिले गोली के निशान 

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने घर के बाहर पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में घर के बाहर खड़ी कार के शीशे टूट गए और मकान के लोहे के शटर पर भी गोली के स्पष्ट निशान पाए गए हैं।

 नगर डीएसपी-1 ने घटनास्थल का किया निरीक्षण 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर डीएसपी-1 सुरेश कुमार ने खुद घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का सुराग लगाया जा सके।

पुराने विवाद में वारदात की आशंका, परिजनों ने पुलिस पर उठाए सवाल 

पूर्व वार्ड पार्षद राखी कुमारी ने बताया कि बालूघाट क्षेत्र के एक युवक के साथ उनका पूर्व से विवाद चला आ रहा था। परिजनों का आरोप है कि देर रात बदमाशों ने घर के बाहर आकर फायरिंग की। बाहर निकलने पर देखा गया कि अपराधी गाड़ी को निशाना बनाकर गोलियां चला रहे थे। परिजनों का यह भी कहना है कि इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार स्थानीय थानाध्यक्ष से शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

फिलहाल इस घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत के साये में है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इससे पहले पटना में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

रिपोर्टः संजीव कुमार

ये भी पढ़ेंः पटना में पिता पर बेटे और बहू को तलवार से घायल करने का आरोप, दोनों अस्पताल में भर्ती