1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मोकामा: "जीत का अंतर 1 लाख होगा, प्रतिद्वंद्वी अपनी जमानत जब्त कर लेंगे", नामांकन के बाद गरजे अनंत सिंह

मोकामा: "जीत का अंतर 1 लाख होगा, प्रतिद्वंद्वी अपनी जमानत जब्त कर लेंगे", नामांकन के बाद गरजे अनंत सिंह

बिहार के मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा है कि उनकी जीत का अंतर एक लाख वोट होगा। उन्होंने विरोधियों पर भी निशाना साधा।

Anant Singh- India TV Hindi
Image Source : ANI बिहार के मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह

मोकामा: बिहार के मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन दाखिल करने के बाद अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, "जीत का अंतर 1 लाख होगा। प्रतिद्वंद्वी अपनी जमानत जब्त कर लेंगे। नीतीश कुमार सरकार बनाएंगे, भाजपा गठबंधन सरकार बनाएगा।"

सूरजभान पर भी साधा निशाना

अनंत सिंह ने कहा कि विरोधी की जमानत जब्त हो जाएगी। सूरजभान की चर्चा को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि वो पहले भी लड़े हैं, उनकी आज से चर्चा नहीं है। लड़ते-लड़ते विरोधियों का दम फूल जाएगा। सरकार नीतीश का बनेगा, भाजपा गठबंधन का बनेगा। 

सूरजभान को लेकर क्यों अनंत सिंह ने साधा निशाना?

सूरजभान सिंह और अनंत सिंह के बीच में पुराने मतभेद रहे हैं। साल 2000 के चुनाव में जब सूरजभान सिंह जेल में थे तो उन्होंने अनंत सिंह के बड़े भाई और तत्कालीन राज्य मंत्री दिलीप कुमार सिंह को करीब 80,000 वोटों से हराया था। इसके बाद से अनंत सिंह ने मोकामा सीट पर वर्चस्व कायम कर लिया और 2005 से लेकर 2020 तक लगातार जीत हासिल की। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ सकती है। ऐसे में मोकामा का चुनाव दिलचस्प हो सकता है।

मोकामा में कैसा है अनंत सिंह फैक्टर?

अनंत सिंह की मोकामा क्षेत्र में मजबूत पकड़ मानी जाती है। गरीब और ग्रामीण इलाकों में वह काफी पॉपुलर हैं। इसके अलावा लंबे समय से वह इसी सीट से राजनीति करते आ रहे हैं। ऐसे में उनका पक्ष भले ही मजबूत हो लेकिन इस चुनाव में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा।

बिहार में कब हैं विधानसभा चुनाव?

बिहार में विधानसभा चुनाव होने में कुछ ही समय शेष रह गया है। बिहार में 2 फेस में विधानसभा चुनाव होंगे, जिसमें पहले फेज में 6 नवंबर और दूसरे फेज में 11 नवंबर को वोटिंग होगी। 14 नवंबर को चुनाव के नतीजे आ जाएंगे।