1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर:मुहर्रम जुलूस में ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने वर्दी में की तलवारबाजी, वीडियो वायरल, जांच के आदेश

मुजफ्फरपुर:मुहर्रम जुलूस में ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने वर्दी में की तलवारबाजी, वीडियो वायरल, जांच के आदेश

मुजफ्फरपुर के कांटी थाने के एक पुलिसकर्मी का मुहर्रम के दौरान वर्दी में तलवार से करतब दिखाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। जानें क्या है पूरा मामला।

मुहर्रम जुलूस में ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने वर्दी में की तलवारबाजी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मुहर्रम जुलूस में ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने वर्दी में की तलवारबाजी

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मुहर्रम के जुलूस के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात एक दरोगा खुद ही नियमों को ताक पर रखकर तलवारबाजी करने लगे। खाकी वर्दी पहनकर सरेआम तलवार भांजते दरोगा का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। 

क्या है पूरा मामला
वायरल वीडियो कांटी थाना में पदस्थापित दरोगा मोहम्मद खान उर्फ मुस्तकीम का है, जो मुहर्रम जुलूस के दौरान हाथ में तलवार लेकर करतब दिखाते नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, संबंधित दरोगा की मुहर्रम जुलूस में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान किसी ने उनका तलवार से करतब दिखाते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दरोगा जी वर्दी में हैं, नेम प्लेट और पुलिस का बैज लगा हुआ है, और वे हाथ में नंगी तलवार लेकर हवा में लहरा रहे हैं। वे जुलूस में शामिल अन्य लोगों की तरह ही करतब दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ उनका हौसला बढ़ा रही थी और कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की ओर से तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारी के इस व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच के आदेश
वर्दी की गरिमा को ताक पर रखकर किए गए इस कृत्य पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस के आला अधिकारियों ने इसका कड़ा संज्ञान लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित क्षेत्र के एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।  जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

(रिपोर्ट - संजीव कुमार)