A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में ताजिया जुलूस में तलवारबाजी करने वाले दारोगा को SSP ने किया लाइन हाजिर, VIDEO हुआ था वायरल

बिहार में ताजिया जुलूस में तलवारबाजी करने वाले दारोगा को SSP ने किया लाइन हाजिर, VIDEO हुआ था वायरल

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक दारोगा को लाइन हाजिर किया गया है। दारोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह ताजिया के जुलूस में तलवारबाजी करते दिखे थे।

Muzaffarpur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दारोगा

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में ताजिया जुलूस में तलवारबाजी का प्रदर्शन करने वाले दारोगा को SSP ने लाइन हाजिर किया है।  दरअसल दारोगा मुस्तकीम खान का तलवारबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

क्या है पूरा मामला?

मुजफ्फरपुर में मोहर्रम के दौरान ताजिया जुलूस में पुलिस वर्दी में तलवारबाजी करने वाले कांटी थाने में तैनात दारोगा मुस्तकीम खान पर बड़ी कार्रवाई की गई है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। 

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया की ताजिया जुलूस में दोनों हाथों में तलवार लेकर करतब दिखाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंचा। एसएसपी ने मामले को संज्ञान में लिया। वीडियो की जांच और सत्यापन में पता लगा की कांटी थाने में तैनात दरोगा मुस्तकीम खान का यह वीडियो है। 

ताजिया जुलूस के दौरान वह दोनों हाथ में तलवार लेकर करतब कर रहे थे, इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में दारोगा पुलिस की वर्दी में थे और उनके पास सरकारी पिस्टल भी दिख रही थी। ग्रामीण एसपी ने कहा कि वर्दी में इस तरह का प्रदर्शन पुलिस के कोड आफ कंडक्ट का सीधा उल्लंघन है, इसी आधार पर उन्हें लाइन हाजिर किया गया है।

गौरतलब है कि पहले भी कई बार आला अधिकारियों द्वारा ये चेतावनी जारी की जा चुकी है कि पुलिसकर्मी रीलबाजी ना करें और अगर ड्रेस में हैं तो बिल्कुल ना करें। इसके बावजूद कई पुलिसकर्मी रीलबाजी और वीडियो बनाते रहते हैं। देश के तमाम हिस्सों से ऐसे वीडियो सामने आते रहते हैं जिसमें पुलिसकर्मी इस तरह की हरकतें करते रहते हैं, जिनसे जनता के बीच गलत मैसेज जाता है। जनता को लगता है कि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के प्रति गंभीर नहीं है। ऐसे में इस बात को लेकर गंभीरता से विचार करना चाहिए कि पुलिसकर्मी ड्रेस में रील बनाने से बचें। ध्यान इस बात का भी रखना है कि पुलिस ड्रेस में ऐसा कोई काम न करे जो कोड आफ कंडक्ट का उल्लंघन हो।

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें- 

दारोगा ने 14 सेकेंड में फौजी को जड़ दिए 6 मुक्के, गुंडागर्दी CCTV में हुई कैद