1. Hindi News
  2. बिहार
  3. कांवड़िया लेन में घुसी पुलिस की गाड़ी, आराम कर रहे कांवड़िये को रौंदा, मेडिकल कैंप में हुआ इलाज

कांवड़िया लेन में घुसी पुलिस की गाड़ी, आराम कर रहे कांवड़िये को रौंदा, मेडिकल कैंप में हुआ इलाज

घायल व्यक्ति ने बताया कि उनके साथ 20 लोगों का जत्था है। सभी लोग कांवड़िया लेन में आराम कर रहे थे। इसी दौरान डायल-112 की गाड़ी अंदर घुस गई और एक व्यक्ति के पैर में चढ़ गई।

Kanwariya- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कांवड़िये के पैर में चढ़ी गाड़ी

बिहार के मुजफ्फरपुर में डायल-112 की गाड़ी कांवड़िया लेन में घुस गई और एक कांवड़िये के पैर में चढ़ गई। घटना तुर्की थाना क्षेत्र के तुर्की ओवरब्रिज के पास हुई। सड़क किनारे आराम कर रहे कांवड़िये के पैर पर वाहन का पहिया चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई।

घायल व्यक्ति की पहचान जाफरपुर निवासी नंदेश्वर पासवान के रूप में हुई है। हादसे के बाद साथीयों ने तत्काल उन्हें पास के सिविल मेडिकल कैंप पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना में फिलहाल एक ही व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

पहलेजा से जल लेकर बाबा गरीबनाथ जा रहे थे 

बताया गया कि नंदेश्वर पासवान करीब 20 सदस्यीय कांवड़ियों के जत्थे के साथ पहलेजा से जल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम जा रहे थे। शनिवार रात तुर्की ओवरब्रिज के पास जत्था कुछ देर आराम करने के लिए रुका था। इसी दौरान डायल-112 की गाड़ी कांवड़िया लेन में पहुंच गई। कांवड़ियों के अनुसार, वाहन का पहिया नंदेश्वर पासवान के पैर पर चढ़ गया और गाड़ी आगे निकल गई। अचानक हुए हादसे के बाद साथी कांवड़िया ने घायल को संभाला और इलाज के लिए मेडिकल कैंप पहुंचाया।

कांवड़िया लेन में वाहन के प्रवेश पर उठे सवाल

कांवड़िया रूट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में कांवड़िया लेन में डायल-112 वाहन के प्रवेश को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांवड़ियों का कहना है कि यदि वाहन की रफ्तार थोड़ी अधिक होती या उस समय लेन में श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना ने कांवड़िया रूट पर वाहनों की आवाजाही और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

डीएसपी बोले- गलती से हुई घटना 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 112 की गाड़ी धीरे-धीरे आ रही थी। कांवड़िये के पैर में गलती से चढ़ गई। घटना को लेकर डीएसपी अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि घायल कांवड़िया का तत्काल मेडिकल कैंप में इलाज कराया गया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना गलती से हुई प्रतीत हो रही है। मौके की परिस्थितियों और वाहन की आवाजाही को लेकर पुलिस ने जानकारी जुटाई है। फिलहाल घायल कांवड़िये का प्राथमिक उपचार कराया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। चालक से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

मधुबनी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, 3 महिला को रौंदा, तीनों की मौके पर मौत, गुस्साए लोगों ने सड़क किया जाम

मुजफ्फरपुर में बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर, दरोगा समेत 3 को रौंदा; BMP जवान की मौत