A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. ईद के मौके पर नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने दिया खास संदेश, जानें क्या कहा

ईद के मौके पर नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने दिया खास संदेश, जानें क्या कहा

ईद के मौके पर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जनता को बधाई दी और कहा कि मेरी कोशिश यही है कि मैं सभी धर्मों को साथ लेकर चलूं।

Nishant Kumar- India TV Hindi
Image Source : ANI निशांत कुमार

पटना: ईद के मौके पर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जनता को खास संदेश दिया है। उन्होंने कहा, "ईद के इस पाक अवसर पर मैं सभी बिहारवासियों और देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। हर घर में समृद्धि रहे, खुशहाली रहे। राज्य में हर जगह भाईचारा बना रहे। मेरी कोशिश यही है कि मैं सभी धर्मों को साथ लेकर चलूं जैसे मेरे पिता लेकर चलते रहे हैं।"

हालही में हुई है राजनीति में एंट्री

गौरतलब है कि निशांत कुमार की हालही में राजनीति में एंट्री हुई है, इससे पहले वह राजनीति में बहुत एक्टिव नहीं थे। दरअसल जब नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का अचानक फैसला लिया तो बिहार की सियासत में हड़कंप मच गया। इसी दौरान ये तय किया गया कि निशांत राजनीति में आएंगे और उन्हें जेडीयू में शामिल कराया गया।

जब वह जेडीयू में शामिल हुए थे, तब उन्होंने कहा था, "यहां पर मौजूद आप सभी लोगों का अभिनंदन करता हूं। आप सब अपना कीमती समय निकालकर यहां आए। मैं आपका स्वागत और नमन करता हूं। मैं जेडीयू के पार्टी कार्यालय में जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने आया हूं। मैं एक सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी का ख्याल रखने की कोशिश करूंगा। मेरे पिताजी ने राज्यसभा जाने का निर्णय लिया है। ये उनका निजी फैसला है। मैं उसे स्वीकार करता हूं और उनका आदर करता हूं। हम सब मेरे पिता नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेंगे। पार्टी और जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।"

निशांत ने कहा, "एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में मैं पार्टी को मजबूत करने की कोशिश करूंगा। पापा ने जो 20 साल में किया, उसे जन-जन में पहुंचाने की कोशिश करूंगा और जनता के दिल में अपनी जगह बनाने की कोशिश करूंगा। मेरे पिताजी ने जो 20 साल में किया है, वह सबको याद रहेगा। पूरे देश और प्रदेश को मेरे पिता नीतीश कुमार पर गर्व है। आप सब मेरे पिताजी नीतीश कुमार पर अपना विश्वास बनाए रखें।"