A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. आज हड़ताल पर हैं पटना एम्स के डॉक्टर, OPD और इमर्जेंसी सेवाएं भी बंद, जानिए क्या है इसकी वजह?

आज हड़ताल पर हैं पटना एम्स के डॉक्टर, OPD और इमर्जेंसी सेवाएं भी बंद, जानिए क्या है इसकी वजह?

पटना एम्स के डॉक्टरों ने अभी सिर्फ एक दिन हड़ताल का ऐलान किया है। इस दौरान अस्पताल में कई सेवाएं बंद रहेंगी। इसके चलते मरीजों और तीमारदारों को काफी तकलीफ होने वाली है।

डॉक्टरों की हड़ताल- India TV Hindi
Image Source : PTI-FILE PHOTO डॉक्टरों की हड़ताल

पटना एम्स के डॉक्टर शुक्रवार को हड़ताल पर हैं। पटना के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने इस बात का ऐलान किया है। आरडीए ने कहा कि शुक्रवार को सुबह 9 बजे से पटना एम्स की वैकल्पिक और आपातकालीन (OPD और इमर्जेंसी) सेवाओं को सशर्त बंद करने की घोषणा की गई है।

डॉक्टरों के हड़ताल की ये है वजह

डॉक्टरों की ये हड़ताल शिवहर से विधायक चेतन आनंद, उनकी पत्नी डॉ. आयुषी सिंह और उनके सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों द्वारा अस्पताल परिसर में जबरन प्रवेश करने और सुरक्षा कर्मचारियों के साथ मारपीट के चलते की गई है। आरडीए ने कहा कि विधायक और उनके सुरक्षाकर्मियों ने रेजिडेंट डॉक्टरों को जान से मारने की धमकी दी और अस्पताल परिसर में बंदूकें भी लहराई थीं।

NAFORD ने कहा- हम पटना एम्स के साथ हैं खड़े

ट्रॉमा सेंटर में हुए दिल दहला देने वाले हमले के बाद NAFORD पटना एम्स के लोगों के साथ खड़ा है। NAFORD ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'हम एफआईआर, कड़ी सुरक्षा और देशव्यापी NTF सुरक्षा प्रवर्तन की मांग करते हैं। डॉक्टरों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता है। उन पर कोई भी हमला स्वास्थ्य सेवा पर हमला है।'

पुलिस ने दर्ज किया मामला, शुरू की जांच

बता दें कि पटना एम्स में मारपीट मामले में विधायक चेतन आनंद उनकी पत्नी आयुषी सिंह और उनके दो सुरक्षाकर्मी पर एम्स प्रशासन ने फुलवारी शरीफ थाने में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम ने इस मामले पर जांच शुरू कर दी है।

क्या है NAFORD?

NAFORD एम्स और आईएनआई के रेजिडेंट डॉक्टरों का एक संगठन है। ये संगठन एम्स और आईएनआई में कार्यरत रेजिडेंट डॉक्टरों के कल्याण के लिए आवाजें उठाता है।

इनपुट- इश्तियाक खान