बिहार की राजधानी पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है, जिसमें पुलिस ने तीनों आरोपियों को मार गिराया है। मारे गए अपराधियों में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी और उसके दो साथी शामिल हैं। मुठभेड़ मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट पर हुई। दरअसल, आरोपियों के शेरपुर गंगा घाट में छिपे होने की सूचना पर पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी, लेकिन पुलिस के एक्शन से पहले ही बदमाशों ने फायरिंग कर दी। ऐसे में पुलिस को भी बचाव में जवाबी फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें तीनों अपराधी ढेर हो गए हैं। एनकाउंटर के दौरान मनेर थाना प्रभारी घायल हो गए हैं।
पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का आरोपी था मारा गया अपराधी
बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर और मनेर के पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी अपने साथियों के साथ शेरपुर गंगा घाट के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची। इसी दौरान, अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की गोली से मनेर थानाध्यक्ष घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों अपराधी गोली लगने से मारे गए।
सबूत जुटाने में लगी हुई है FSL टीम
घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, इस मुठभेड़ के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
वांटेड थे मारे गए तीनों अपराधी
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के मुताबिक, अपराधियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। हाल ही में मनेर में हुई वारदात की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई थी। तीनों उस मर्डर केस में वांटेड थे। इसके अलावा, दानापुर और शाहपुर सहित अन्य थानों में भी इनके विरुद्ध मामले दर्ज थे। अधिकारी ने कहा कि वारदात के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए रेड की जा रही है। एनकाउंटर के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते जुलाई में पटना के मसौढ़ी में पुलिस और किडनैपर के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस एनकाउंटर में एक अपराधी ढेर हो गया था।
(इनपुट- इस्तियाक खान/IANS)
ये भी पढ़ें- सुल्तानगंज हत्याकांड में 12 घंटे के भीतर पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी रामधनी यादव मुठभेड़ में ढेर