बिहार की राजधानी पटना में एक वाइक शोरूम में कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। पटना के गौरी चक थाना क्षेत्र स्थित बेलदारी चक के पास बीती रात यानि 14 जुलाई 2026 की रात TVS शोरूम में 6 से 8 अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने शोरूम मालिक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। यह पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, पटना के गौरी चक थाना में आने वाले सैदनपुर निवासी आलोक कुमार घटना के समय शोरूम में मौजूद थे। अचानक बड़ी संख्या में पहुंचे अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के हमला कर दिया।
बदमाशों शोरूम के मालिक आलोक कुमार और मौजूद कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की, जिससे शोरूम में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना से बाद हमलावर फरार हो गए लेकिन जल्दबाजी में बदमाशों की एक मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और उन्होंने गुस्से में मोटरसाइकिल को तोड़ डाला।
पटना के TVS शोरूम में मारपीट
इस घटना की सूचना तत्काल पटना के गौरी चक थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गौरी चक थाना प्रभारी सुमन कुमार ने पुलिस पदाधिकारी प्रतीक्षा कुमारी को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और अपराधियों की मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने भेज दिया। इस मामले में पुलिस शोरूम में लगे CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग शोरूम के मालिक और कर्मचारियों से बात कर रहे हैं। फिर अचानक किसी बात पर गुस्से में एक युवक मारपीट शुरू कर देता है। बाद में बाहर से कुछ लोग और आते हैं और जमकर मारपीट करते हैं।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी
शोरूम मालिक आलोक कुमार ने गौरी चक थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जब्त मोटरसाइकिल के आधार पर आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर ली जाएगी। जो भी दोषी पाए जाएंगे उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इनपुट: बिट्टू (पटना)